गाजा में इजराइल द्वारा किए जा रहे जनसंहार और अतिक्रमण की जेयूसीएस ने की निंदा
लखनऊ, 12 जुलाई। जर्नलिस्ट यूनियन फॉर सिविल सोसाइटी (जेयूसीएस) ने बैठक कर इजराइल द्वारा फलस्तीन पर किए गए हमले की निंदा करते हुए देश के मीडिया कर्मियों से अपील की है कि वे इस मानवता विरोधी हमले की रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान दें ताकि ’आपरेशन प्रोटेक्टिव एज’ के नाम से चल रहे इस बर्बर हमले, जिसमें 120 से अधिक लोग मारे गए हैं और लगभग 700 लोग घायल हुए हैं, की पूरी जानकारी लोगों तक पहुँच सके।
जेयूसीएस ने अपनी अपील में कहा है कि मीडिया कर्मी इजराइल सरकार की इस बर्बर कारवाई से फिलिस्तीन को हुए जान माल के नुकसान और मानवता विरोधी कृत्य को प्रमुखता से उजागर करें ताकि देश की जनता इजराइल की असलियत जान सके। जेयूसीएस ने इजराइली प्रधानमंत्री बी नेतान्याहू के प्रवक्ता मार्क रेगेव के बयान कि ’वे गाजा को समाप्त करके ही दम लेंगे’ की निंदा करते हुए कहा है कि इजराइल अमरीका के शह पर पश्चिम एशिया समेत पूरी दुनिया में यद्धोन्माद फैला रहा है जिसके खिलाफ सरकार को भी संसद में निंदा प्रस्ताव लाना चाहिए। निंदा बैठक में राघवेन्द्र प्रताप सिंह, हरेराम मिश्रा, लक्ष्मण प्रसाद, मु0 आरिफ, अनिल यादव, गुफरान सिद्दीकी और शरद जायसवाल इत्यादि उपस्थित थे।