जो गोमांस खाए बिना नहीं रह सकते, उन्हें हरियाणा में आने की जरूरत नहीं- अनिल विज का फरमान
जो गोमांस खाए बिना नहीं रह सकते, उन्हें हरियाणा में आने की जरूरत नहीं- अनिल विज का फरमान
नई दिल्ली। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने फरमान जारी कर दिया है कि जो लोग गोमांस खाए बिना नहीं रह सकते हैं, उन्हें हरियाणा में आने की जरूरत नहीं है। हरियाणा में कड़ा गोसंरक्षण कानून लागू है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अंबाला में पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए अनिल विज ने कहा कि कई देश हैं जहां भारतीय इसलिए नहीं जाते क्योंकि उस देश की खानपान की आदत उन्हें नहीं भाती। उन्होंने कहा,
'हम कुछ देशों में नहीं जाते क्योंकि वहां के खानपान हमें नहीं भाते। इसी तरह जो लोग बिना गोमांस खाए नहीं रह सकते, उन्हें हरियाणा नहीं आना चाहिए।'
विज से पूछा गया था कि क्या राज्य सरकार ने विदेशियों को राज्य में बीफ के सेवन के लिए लाइसेंस-विशेष अनुमति
जारी करने का विचार किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण देते हुए राज्य में बीफ सेवन के लिए विदेशियों को लाइसेंस या राहत देने की किसी भी योजना से इनकार किया था।
पहले खबर आई थी कि खट्टर ने कहा था कि वह राज्य में विदेशियों के लिए बीफ पर लगी पाबंदी में ढील देने के लिए तैयार हैं। विज ने पिछले साल गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की वकालत की थी और इस मुद्दे पर ऑनलाइन सर्वेक्षण शुरू किया था।


