नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के उम्मीदवार डॉ प्रेम सिंह के समर्थन में रोड शो का आयोजन किया गया । इस रो़ड शो में पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की जनता के साथ कई वरिष्ठ बुद्धिजीवियों ने भी भाग लिया । रोड शो में बड़ी संख्या में दिल्ली विश्वविद्यालय, जामिया मिलिया और जेएनयू के छात्र भी शामिल थे।

ये रोड शो मदनपुर खादर की चौपाल से शाम 4 बजे शुरू हुआ, यहां गांव के बुजुर्ग हरियाली चौहान ने जुलूस को झंडी दिखाकर रवाना किया । चौपाल पर स्थानीय लोगों ने डॉ प्रेम सिंह को समर्थन का भरोसा दिया । रोड शो सरिता विहार, शाहीन बाग, ओखला हैड, जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी से होते हुए न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में तैमूर नगर गुरूद्वारे के पास शाम 7 बजे खत्म हुई । रोड शो का स्वागत तैमूर नगर गुरूद्वारे पर पूर्व जस्टिस राजेन्द्र सच्चर, और पीयूसीएल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एनडी पंचोली ने किया । इस रोड शो में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बनता था । रोड शो में वरिष्ठ पत्रकार अरूण कुमार त्रिपाठी, दिल्ली विश्वविद्यालय के शिक्षक डॉ अमन सिंह, डॉ भगवान सिंह, सोशलिस्ट पार्टी दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष रेणु गंभीर , वरिष्ठ पत्रकार सत्येन्द्र सिंह और एडवोकेट गजेन्द्र सिंह चौहान भी शामिल हुए । रोड शो के दौरान कई जगहों पर डॉ प्रेम सिंह ने लोगों से सीधा संवाद भी किया । सोशलिस्ट पार्टी के उम्मीदवार ने लोगों से अपनी नीतियों और विचारों के नाम पर वोट देने की अपील की ।
चुनाव में सोशलिस्ट पार्टी के उम्मीदवार डॉ प्रेम सिंह को जनता दल यूनाइटेड ने भी समर्थन दिया है। इस प्रचार अभियान के दौरान आम लोगों के बीच पर्चे बांटे गए, और नवउदारवाद के मुक़ाबले सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए समर्थन मांगा गया। लोगों से बातचीत में डॉ प्रेम सिंह ने अपने लिए समर्थन मांगा। धन, बल और बाहुबल के मुक़ाबले एक सही उम्मीदवार चुनने के लिए बैट्री टॉर्च चुनाव चिन्ह पर बटन दबाने की अपील की।