नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के उम्मीदवार डॉ. प्रेम सिंह के समर्थन में जोरदार प्रचार किया गया। प्रचार दल की तीन टुकड़ियों ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाक़े में लोगों से सीधा संवाद किया। जिसमें प्रचार दल ने स्थानीय लोगों को सोशलिस्ट पार्टी की विचारधारा और मुद्दों पर आधारित वादों से अवगत कराया। प्रचार दल में बड़ी संख्या में दिल्ली विश्वविद्यालय, जामिया मिलिया और जेएनयू के छात्र भी थे। सोशलिस्ट पार्टी के उम्मीदवार डॉ. प्रेम सिंह को जनता दल यूनाइटेड ने भी समर्थन दिया है।
पार्टी की एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्रचार दल की टुकड़ी ने लक्ष्मी नगर, पांडव नगर, त्रिलोकपुरी, झील खुरैजी और कल्याणपुरी में मतदाताओं से संपर्क किया। इसके साथ ही नांगली, जामिया नगर, शाहीन बाग, जसोला विहार, मदनपुर और सरिता विहार में भी जनसंपर्क किया। इस प्रचार अभियान के दौरान आम लोगों के बीच पर्चे बांटे गए, और नवउदारवाद के मुक़ाबले सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए समर्थन मांगा गया। प्रचार अभियान में कई इलाक़ों में ख़ुद डॉ प्रेम सिंह भी मौजूद रहे। लोगों से बातचीत में डॉ प्रेम सिंह ने अपने लिए समर्थन मांगा। धन, बल और बाहुबल के मुक़ाबले एक सही उम्मीदवार चुनने के लिए बैट्री टॉर्च चुनाव चिन्ह पर बटन दबाने की अपील की। सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के इस प्रचार अभियान के दौरान जनता का भी भारी समर्थन मिला। सामाजिक न्याय की लड़ाई में भागीदार बनने के लिए, स्थानीय लोग प्रचार दल और पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से पार्टी के प्रत्याशी डॉ प्रेम सिंह से जुड़ते चले गए। जनता का उत्साह प्रचार अभियान के दौरान देखते ही बन रहा था।