तानाशाह हैं मुख्यमंत्री केजरीवाल-सतीश उपाध्याय
तानाशाह हैं मुख्यमंत्री केजरीवाल-सतीश उपाध्याय
नई दिल्ली ! दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल एक दो मुहें व्यक्ति हैं जिनको लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और मीडिया की स्वतंत्रता में कोई विश्वास नहीं है। केजरीवाल और उनकी मंडली के लिए यह सब चुनावी मुद्दे हैं।
एक बयान में श्री उपाध्याय ने बीती 6 मई को आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा जारी उस सर्कुलर को मीडिया पर कुठाराघात बताया है जिसमें सरकार, मंत्रियों, विधायकों की गतिविधियों के विरूद्ध मीडिया द्वारा उठाई जाने वाली आवाजों को रोकने की बात कही गई है। साथ ही दिल्ली भाजपा मीडिया की स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिये व्यापक आंदोलन भी छेड़ेगी और उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात करके इस सर्कलुर को वापस लिये जाने की मांग करेगी।
सतीश उपाध्याय ने कहा है कि दिल्ली भाजपा का हमेशा से मानना था कि केजरीवाल एक अराजक तानाशाह हैं और चुनाव पश्चात उनकी यह प्रवृत्तियां खुलकर सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि विगत दो दशक में कांग्रेस सरकारों ने दिल्ली के विकास के बड़े बड़े दावे ठोके पर वास्तविकता यह है कि यह विकास केवल कुछ क्षेत्रों तक सीमित रहा दिल्ली देहात को इस विकास से कोई लाभ नहीं मिला है। दिल्ली देहात में आज भी जहां कॉलेज नही हैं वहीं ग्रामीण जनता स्कूलों, अस्पताल, स्वास्थ्य केन्द्र एवं परिवहन की मौलिक समस्याओं से जूूझ रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि जिस दिन अरविंद केजरीवाल ने मीडिया पर किसान गजेन्द्र की आत्महत्या के मामले को टीआरपी के लिये उठाने का आरोप लगाया था उसी दिन यह स्पष्ट हो गया था कि वो अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिये किसी भी हद तक गिर सकते हैं। यह तानाशाही सर्कुलर उनकी इसी मंशा का प्रतीक है। दिल्ली भाजपा मीडिया की स्वतंत्रता को बनाये रखने के लिये व्यापक आंदोलन छेड़ेगी।
हम जनता के बीच इस मसले को ले जाने के साथ साथ उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात करके इस सर्कलुर को वापस लिये जाने की मांग करेंगे।


