तीसरे मोर्चे की बनेगी केंद्र में अगली सरकार- राम गोपाल यादव
तीसरे मोर्चे की बनेगी केंद्र में अगली सरकार- राम गोपाल यादव
राधे कृष्ण
बदायूं (उत्तर प्रदेश), 25 मार्च। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि लोकसभा चुनाव में इन दोनों पार्टियों की करारी हार होगी। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस और भाजपा से तंग आ चुकी है और अब इनसे छुटकारा पाना चाहती है। चुनाव के बाद देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी और इसमें समाजवादी पार्टी की अहम भूमिका होगी। वाराणसी में नरेंद्र मोदी चुनाव हार जाएं तो कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी। भाजपा के ही लोग नरेंद्र मोदी को चुनाव हराने में जुटे हुए हैं।
प्रोफेसर राम गोपाल यादव ने मंगलवार को सपा उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव के नामांकन के बाद एक खास बातचीत में कहा कि लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए भाजपा बेचैन है और इसके लिए वह कुछ भी कर सकती है। भाजपा को ऐसा लग रहा है कि वह इस बार केंद्र की सत्ता में आ सकती है जबकि सच्चाई यह है कि चुनाव में उसकी करारी हार होने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता इस मुगालते में हैं कि केंद्र में उनकी सरकार बनने जा रही है जबकि चुनाव में भाजपा का सफाया हो जाएगा। भाजपा ने देश के कुछ कॉरपोरेट घरानों से मिले धन की बदौलत मीडिया के जरिए देश में अपनी ऐसी हवा बनाई है जैसे कि चारों तरफ उसकी लहर है, लेकिन सच्चाई ठीक इसके उलट है। भाजपा की कहीं कोई लहर नहीं है।
सपा महासचिव ने कहा कि भाजपा के नेताओं में जबर्दस्त अंतर्कलह चल रही है। यही अंतर्कलह उसे ले डूबेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव जनता के बीच लड़ा जाता है। लेकिन भाजपा अपना चुनाव मीडया के मंचों पर लड़ रही है। एक तरफ तो देश में भाजपा की लहर होने की जो बात कही जा रही है जबकि दूसरी तरफ उसके बड़े नेता खुद के चुनाव जीतने को लेकर आश्वस्त नहीं हैं। इसीलिए भाजपा के सभी बड़े नेता अपनी पुरानी सीटें छोड़कर नयी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
सपा महाचिव ने कहा कि जनता को दिग्भ्रमित करने के लिए भाजपा ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिया है। जबकि सच्चाई यह है कि पार्टी में पीएम पद के और कई दावेदार हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के लोग कहते फिर रहे हैं कि चुनाव में अगर पार्टी की जीत हुई तो मोदी नहीं बल्कि राजनाथ सिंह प्रधानमंत्री बनेंगे। भाजपा में एक धड़ा ऐसा है जो चाहता है कि लाल कृष्ण आडवाणी प्रधानमंत्री बनें। उन्होंने कहा कि वाराणसी में नरेंद्र मोदी को हराने के लिए भाजपा के लोग ही जुटे हुए हैं। वाराणसी से मोदी चुनाव हार जाएं तो कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी।
आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है। दिल्ली की जनता ने केजरीवाल को सत्ता सौंपी थी, लेकिन उन्होंने जनादेश का अपमान किया और 49 दिन में ही मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया। केजरीवाल अगर सिस्टम को बदलना चाहते हैं तो सिस्टम में रहकर लड़ें। केजरीवाल जो राजनीति कर रहे हैं वह अराजकतावादी है। वाराणसी की जनता समझदार है। वाराणसी में वह तीसरे या चौथे नंबर पर रहेंगे।
कांग्रेस की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की धोखेबाजी से तंग आ चुकी है। कांग्रेस ने हमेशा देश की जनता को धोखा दिया है। आज की तारीख में कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है। कांग्रेस को छोड़कर लोग दूसरी पार्टियों में जा रहे हैं। मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार सभी मोर्चों पर असफल साबित हुई है। देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं हैं। चीन ने कई बार भारत की सीमा में घुसपैठ की, लेकिन यूपीए सरकार ने चुप्पी साधे रखी। केंद्र सरकार की कमजोरी की वजह से भारत की लाखों हेक्टेयर जमीन पर विदेशी मुल्कों ने कब्जा जमा रखा है।
उन्होंने कहा कि पिछले दस सालों में यूपीए के शासन में देश में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार और घोटाले हुए हैं। यूपीए सरकार की गलत आर्थिक नीतियों की वजह से महंगाई आसमान छू रही है। गरीब की तो छोड़िए मध्यम वर्गीय परिवारों में दोनों वक्त चूल्हे नहीं जल पा रहे हैं। कांग्रेस को देश की गरीब जनता की कोई फिक्र नहीं है।
प्रोफेसर राम गोपाल यादव ने कहा कि चुनाव के बाद केंद्र में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी और इस सरकार में सपा की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने का है, जिससे कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव देश के अगले प्रधानमंत्री बन सकें। इसी लक्ष्य को लेकर समाजवादी पार्टी चुनाव लड़ रही है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें मिलेंगी।
सपा महासचिव ने कहा कि देश की जनता समाजवादी पार्टी की तरफ बहुत उम्मीदों से देख रही है। उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार के काम-काज की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि यूपी सरकार की कई योजनाओं को देश-विदेश में बहुत वाह-वाही मिली है। यह हमारे लिए गर्व की बात है। लोकसभा चुनाव में हम अखिलेश यादव सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क


