‘तेल की लूट’ पर चल रही है मोदी की सरकार, जनता के 19 लाख करोड़ रुपये लूटे –शरद यादव
‘तेल की लूट’ पर चल रही है मोदी की सरकार, जनता के 19 लाख करोड़ रुपये लूटे –शरद यादव
नई दिल्ली। जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि उन्होंने पेट्रोल और डीजल पर करों के माध्यम से देश की जनता के 19 लाख करोड़ रुपये लूट लिये हैं और मोदी की सरकार ‘तेल की लूट’ पर चल रही है।
देशबन्धु की खबर के मुताबिक श्री यादव ने कहा कि मोदी सरकार ने जब से सत्ता संभाली है तब से कच्चे तेल की कीमतों में आई कमी का लाभ जनता को देने की बजाए अपनी झोली भरने में लगी हुई है और उसने विभिन्न करों के माध्यम से 19 लाख करोड़ रुपये की कमाई की है। इसका कुछ हिस्सा उसने राज्यों को भी दिया है।
आंकड़े देते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर करों के जरिये केंद्र सरकार ने 11.48 लाख करोड़ रुपये तथा राज्यों ने 08.13 लाख करोड़ रुपये कमाए।
मोदी सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए श्री यादव ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के ऊंचे दामों ने देश में भारी तबाही मचा रखी है। देश के लोग खासकर मध्यम वर्ग और किसान इससे बहुत परेशान है। मोदी और उनकी पार्टी के नेता लोगों की परेशानी दूर करने के उपाय करने की बजाय गैरजरूरी मुद्दे उठाकर समाज को बांटने और ध्रुवीकरण करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में देश में गैरजरूरी मुद्दों पर जितनी बहस और विवाद हुए उतने देश में कभी नहीं हुए।
श्री यादव ने कहा कि मोदी सरकार के कामकाज को लेकर देश के लोगों में बहुत गुस्सा है और अगले वर्ष होने वाले आम चुनाव में इसका सत्ता से बाहर होना तय है। यह सरकार लोगों को संविधान में मिले उनके अधिकारों से वंचित करने का प्रयास कर रही है। दलितों ने भारत बंद के जरिये सड़क पर उतर कर अपना गुस्सा जगजाहिर कर दिया है। देश के विभिन्न हिस्सों में किसान आंदोलनरत हैं। मजदूर भी इस सरकार के कामकाज से खुश नहीं हैं।


