लखनऊ। राज्य में बढ़ते दमन व लोकतांत्रिक स्वतंत्रता के हनन के मुद्दे को लेकर अनेक जनसंगठन सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज करायेंगे।

जन संस्कृति मंच, पीयूसीएल, एपवा, वर्कर्स कौंसिल, आइसा, एक्टू आदि जन संगठनों की ओर से आगामी 6 सितंबर को शाम साढ़े चार बजे से जीपीओ पार्क पर धरना व विरोध प्रदर्शन किया जायेगा।
बताते चलें कि बीती 24 अगस्त को राजनीतिक कार्यकर्ता व श्रमिक नेता रमेश सिंह सेंगर पर लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र का खनन माफिया सरबजीत यादव व उसके गिरोह द्वारा जानलेवा हमला किया गया। सेंगर आज भी गंभीर हालत में बलरामपुर अस्पताल में भर्ती हैं जहाँ उनका इलाज चल रहा है। करीब दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा मुख्य अभियुक्त के विरुद्ध कोई कार्यवाही नहीं की गयी है। वह खुलेआम घूम रहा है तथा आतंक बरपा रहा है।
जसम की ओर से कहा गया है कि प्रदेश में इस तरह की घटनायें लगातार बढ़ रही हैं। राज्य व सत्ता के दमन के साथ साथ सामंतों, दबंगों, धनपशुओं व अपराधियों द्वारा दलितों, महिलाओं, कमजोर वर्ग के लोगों के शोषण उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं के सन्दर्भ में ही लखनऊ के जन संगठनों द्वारा दमन विरोधी मंच का गठन किया गया है। यह धरना व विरोध प्रदर्शन इसी मंच द्वारा आयोजित किया जा रहा है।