दिल्ली की बेहतरी के लिए सोशलिस्ट पार्टी भी मैदान में
दिल्ली की बेहतरी के लिए सोशलिस्ट पार्टी भी मैदान में
नई दिल्ली। सोशलिस्ट पार्टी ने दावा किया है कि दिल्ली की बेहतरी के लिए उसके उम्मीदवारों का चुनाव अभियान जोरों पर है। पार्टी की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रेणु गंभीर ने बताया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में ओखला से अब्दुल कय्यूम, नई दिल्ली से अनीता उज्जैनवाल, घौडा से राजीव कुमार, राजेंद्र नगर से मोहम्मद शोएब सोशलिस्ट पार्टी के उम्मीदवार हैं। बुराड़ी से प्रो. आरएन सिंह सोशलिस्ट पार्टी द्वारा समर्थित उम्मीदवार हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग की तरफ से पार्टी को ‘सीटी’ चुनाव चिन्ह मिला है।
सोशलिस्ट पार्टी के उम्मीदवार और कार्यकर्ता हर मोहल्ले की गलियों-घरों-दुकानों में परचा बांट कर, पदयात्रा करके, नुक्कड़ सभाएं व नुक्कड़ नाटक करके जोरदार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। सुश्री गंभीर ने कहा कि सोशलिस्ट पार्टी के उम्मीदवारों का मतदाताओं से सीधा कहना है: ‘फैसला आपका है- आप नीति आधारित राजनीति करने वाले सोशलिस्ट पार्टी के उम्मीदवारों को जिताना चाहते हैं या देशी-विदेशी धन्नासेठों से करोड़ों-अरबों लेकर उन्हें फायदा पहुंचाने के लिए चुनाव लड़ने वालों को ?’
सोशलिस्ट पार्टी जिन मुद्दों को लेकर चुनाव में उतरी है उनमें प्रमुख हैं- बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सरकारी क्षेत्र में रहें; खुदरा व्यापार में विदेशी निवेश का फैसला हमेशा के लिए रद्द हो; दिल्ली के गांवों, पुनर्वास बस्तियों और झुग्गी-झोंपड़ी बस्तियों में प्राथमिकता के आधार पर नागरिक सुविधाएं प्रदान की जाएं; दिल्ली यूनिवर्सिटी में चार साला बीए प्रोग्राम तुरंत रद्द करके पहले की तीन वर्षीय प्रणाली लाग की जाए; उर्दू और पंजाबी भाषा-साहित्य के पढ़ने-पढ़ाने को विशेष प्रोत्साहन दिया जाए; समान स्कूल शिक्षा प्रणाली लागू की जाए; दिल्ली राज्य में जस्टिस सच्चर कमेटी की सिफारिशें पूर्णता में लागू की जाएं; 1984 के सिख-विरोधी दंगों के पीडि़तों को पूर्ण न्याय मिले; और दिल्ली के निवासियों, विशेषकर बच्चों, महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों को पूर्ण सुरक्षा मिले।


