DB Live

दिल्ली में आज अचानक उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक स्कूल में कंटेनर डिपो से गैस लीक होने की वजह से कई बच्चे बेहोश हो गए।

दरअसल दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में एक कंटेनर डिपो से गैस रिसाव होने के कारण स्कूल जा रहे करीब 110 बच्चे चपेट में आ गए। गैस के संपर्क में आने से बच्चे बेहोश हो गए और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक अस्पताल में भर्ती बच्चे अब खतरे से बाहर हैं। जिन कंटेनरों से गैस का रिसाव हुआ है वह रानी झांसी कन्या सर्वोदय स्कूल के पास स्थित था।

स्कूल की वाइस प्रिंसिपल ने बताया कि छात्राओं ने आंख और गले में जलन की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अपोलो, बत्रा और मजीदिया अस्पतालों मे भर्ती कराया गया है।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन को मामले की जांच किए जाने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि घटना में किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही मौके पर पुलिस, दो फायर टेंडर, एनडीआरएफ की टीम और कैट्स ऐम्बुलेंस पहुंच गई हैं।