देश में किसानों और मुसलमानों की हालत सबसे ज्यादा खराब- मुलायम सिंह यादव
देश में किसानों और मुसलमानों की हालत सबसे ज्यादा खराब- मुलायम सिंह यादव
तीसरे मोर्चे की सरकार बनने पर संपूर्ण पढ़ाई और इलाज मुफ्त होगा- मुलायम सिंह यादव
बबराला (संभल), 11 अप्रैल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि देश का 80 फीसदी विकास किसानों और मुसलमानों ने किया है। लेकिन बहुत दुख की बात है कि पूरे देश में इन दोनों ही वर्गों की हालत सबसे ज्यादा खराब है। उन्होंने इसके लिये कांग्रेस और भाजपा को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इन दोनों पार्टियों ने किसानों और मुसलमानों के हित में कोई काम नहीं किया। दोनों पार्टियां किसानों और मुसलमानों को अपना दुश्मन समझती हैं। उन्होंने कहा कि देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनने पर किसानों और मुसलमानों की भलाई के लिये सभी जरूरी कदम उठाए जायेंगे। लोकसभा चुनाव के बाद तीसरे मोर्चे की सरकार बनने पर देश में संपूर्ण शिक्षा और गंभीर से गंभीर रोगों का इलाज पूरी तरह मुफ्त होगा।
बदायूं लोकसभा सीट से सपा उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा को बहुमत नहीं मिलेगा। देश की जनता इन दोनों पार्टियों से तंग आ चुकी है और वह इनसे छुटकारा चाहती है। चुनाव के बाद देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी। जिसमें समाजवादी पार्टी की बहुत अहम भूमिका होगी। देश के ज्यादातर राज्यों में तीसरे मोर्चे में शामिल दलों की जीत होगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पंजाब समेत ज्यादातर राज्यों में तीसरे मोर्चे के दल चुनाव जीतेंगे। तीसरे मोर्चे की दो बैठकें हो चुकी हैं। तीसरे मोर्चे की सरकार बनने पर प्रधानमंत्री कौन बनेगा, इसको लेकर कोई समस्या नहीं है। हम लोगों ने तय किया है कि चुनाव के नतीजे आने के बाद तीसरे मोर्चे के नेता का चुनाव होगा। तीसरे मोर्चे में शामिल दलों में से जिस दल को लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा सीटें मिलेगी, उसका नेता प्रधानमंत्री बनेगा।
सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी ताकत है। देश के दूसरे राज्यों के मुकाबले उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सबसे ज्यादा 80 सीटें हैं। यहां पर सपा की सरकार है। सपा सरकार ने पिछले दो वर्षों में सूबे के विकास के लिये बहुत काम किए हैं। लोग राज्य सरकार के कामकाज से खुश हैं। लैपटॉप वितरण योजना, समाजवादी स्वास्थ्य सेवा योजना, कन्या विद्या धन योजना, बेरोजगारी भत्ता योजना से लोगों को बहुत लाभ हुआ है। किसानों के कर्जे माफ करने के साथ ही उन्हें नहरों और सरकारी नलकूपों से सिंचाई की मुफ्त सुविधा दे दी गयी है। सरकार ने यह भी नियम बनाया है कि सरकारी बैंकों या साहूकारों का कर्ज वापस न कर पाने वाले किसानों की भूमि किसी भी कीमत पर नीलाम नहीं होगी। सपा सरकार बेरोजगार युवाओं को रोजगार या नौकरी नहीं दे देती तब तक उन्हें बेरोजगारी भत्ता देगी। उन्होंने कहा कि अगले शिक्षण सत्र से उत्तर प्रदेश में संपूर्ण पढ़ाई मुफ्त होगी। उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि राज्य सरकार की उपलब्धियों को ठीक तरह से जनता तक पहुंचा दीजिए, आपको चुनाव में कोई हरा नहीं सकेगा। उत्तर प्रदेश में सपा सबसे ज्यादा सीटें जीत सकती है। अगर ऐसा होता है तो आप समझ सकते हैं कि देश का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा।
सपा प्रमुख ने कहा कि मीडिया के एक वर्ग तय कर रखा है कि वह समाजवादी पार्टी के बारे में सिर्फ नकारात्मक खबरें ही दिखाएगा। हम इससे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अब्दुल हमीद ने अपनी बहादुरी से भारत को पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई में विजय दिलाई थी। अगर हम मुसलमानों की तारीफ करते हैं तो इसमें क्या बुराई है। वे भी इसी देश के नागरिक हैं और उन्होंने भी देश के विकास में अपना अहम योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि करगिल की लड़ाई को लेकर आजम खान ने जो कहा वह सही था। उसमें ऐसा कुछ भी गलत नहीं था कि बेवजह विवाद खड़ा किया जाता। समाजवादी पार्टी की और हमारी छवि खराब करने के लिये एक मुहिम चलाई जा रही है। ऐसे लोगों से हम कहना चाहते हैं कि हम डरकर बैठने वालों में से नहीं हैं। हम डटकर मुकाबला करेंगे। देश का 80 फीसदी विकास किसानों और मुसलमानों ने किया है। किसानों की हालत में सुधार में सुधार के लिये तीसरे मोर्चे की सरकार फसलों का मूल्य इस तरह तय करेगी कि उससे किसानों को कम से कम डेढ़ गुना लाभ मिले। इसी तरह मुसलमानों की हालत सुधारने के लिये देश में सच्चर कमेटी की रिपोर्ट की सिफारिशों को लागू किया जाएगा। सबसे ज्यादा अशिक्षा और बेरोजगारी मुसलमानों में है। इस स्थिति को दूर किया जाएगा।
श्री यादव ने कहा कि हमारे लिये यह बहुत गर्व की बात है कि पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार अपने यहां सपा सरकार की तमाम योजनाओं को लागू करने जा रही है। कई और राज्य भी अपने यहां सपा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों को लागू कर रहे हैं। सपा मुखिया ने कहा कि देश की जनता बहुत समझदार हो गयी है। अब जनता को कोई बेवकूफ नहीं बना सकता है। जो भी सरकार जनता के हित में काम करेगी, वही शासन कर सकेगी। वर्ना पांच साल बाद जनता सत्ता से बेदखल कर देगी।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस की कमजोरी की वजह से भाजपा जैसी साम्प्रदायिक पार्टी देश में मजबूत हुई। आज की तारीख में साम्प्रदायिकता से सबसे ज्यादा मजबूती से देश में सिर्फ समाजवादी पार्टी लड़ रही है। कांग्रेस ने तो भाजपा के आगे हथियार डाल दिए हैं। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी भाजपा को रोकेगी। सपा प्रमुख ने लोगों को आगाह किया कि चुनाव जीतने के लिये भाजपा देश में माहौल खराब कर सकती है।
सपा प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस ने देश पर 55 साल तक शासन किया, लेकिन उसने गरीबों, मजदूरों, किसानों, अल्पसंख्यकों के लिये कुछ नहीं किया। देश में आज जो महंगाई, भ्रष्टाचार, बेइमानी, बेरोजगारी, भुखमरी है वह कांग्रेस की देन है। कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार के शासन में देश में कई बड़े-बड़े घोटाले हुए, लेकिन किसी भी दोषी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क


