नए कार्यालय में पुराने संघर्ष के साथियों के स्वागत के साथ शनिवार को शिवपाल की नई पार्टी का श्री गणेश

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के कार्यालय में पार्टी की औपचारिक बैठक हुई सम्पन्न

बैठक में पार्टी के समस्त मंडल प्रभारी, जिला अध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष हुए शामिल

भविष्य की रणनीति के साथ ही लोकतंत्र व समाजवाद को मजबूत करने का संकल्प लिया गया

शिवपाल यादव ने नए पार्टी के नए कार्यालय में पुराने संघर्ष के साथियों का स्वागत किया

लखनऊ, 3 नवम्बर, 2018. नया कार्य करने के लिए स्थाई दिन माने जाने वाले दिन शनिवार को शिवपाल सिंह यादव की नई नवेली पार्टी का औपचारिक रूप से कामकाज शुरू हो गया।

शिवपाल सिंह के नए सरकारी आवास 6 लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर शनिवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) की औपचारिक बैठक सम्पन्न हुई।

नए पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए पार्टी के नेता व प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि नई पार्टी के नए कार्यालय में पुराने संघर्ष के साथियों का स्वागत है। उन्होंने यह भी कहा कि नई पार्टी के गठन के पीछे समाजवादी पार्टी का समाजवाद व पार्टी के मूल सिद्धांतों से भटकाव ही मुख्य वजह रही है। खांटी समाजवादी साथियों की लगातार उपेक्षा से ऐसा राजनीतिक परिदृश्य बन रहा था जिसमें नई पार्टी का गठन अपरिहार्य हो गया था।

श्री यादव ने कहा कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी अब जमीन पर उन बुनियादी मुद्दों पर काम करेगी जो नौजवानों, किसानों, पिछड़ों व अल्पसंख्यकों के जीवन में आमूल चूल बदलाव ला सके। साथ ही बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी को बूथ स्तर पर 30 नवम्बर से पहले जाना है।

बैठक के दौरान यह भी निर्णय हुआ कि अति शीघ्र सभी पदाधिकारियों की राय व आपसी सहमति से पार्टी का स्थापना राष्ट्रीय सम्मलेन होना है, जिसके लिए जल्द ही स्थान व तिथि का निर्णय लिया जाएगा।

बैठक में पूर्व सांसद व विधायक रघुराज सिंह शाक्य, पूर्व विधायक राम नरेश यादव, पूर्व सांसद वीरपाल यादव, पूर्व मंत्री शारदा प्रताप शुक्ल, पूर्व मंत्री शादाब फातिमा, चौधरी रक्षपाल, पार्टी के महासचिव आदित्य यादव व प्रवक्ता दीपक मिश्र ने अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का संचालन पार्टी के प्रवक्ता अभिषेक सिंह आशु ने किया।

एक जरूरी अपील : वैकल्पिक मीडिया के लिए हाथ बढ़ाएं

क्या यह ख़बर/ लेख आपको पसंद आया ? कृपया कमेंट बॉक्स में कमेंट भी करें और शेयर भी करें ताकि ज्यादा लोगों तक बात पहुंचे

कृपया हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें