देश का मुसलमान मोदी को कभी माफ नहीं करेगा- मुलायम सिंह
इलाहाबाद, 2 मार्च। तीर्थराज प्रयाग की पावन धरती पर रविवार को हुई सपा की देश बचाओ-देश बनाओ महारैली के मंच से पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी का पीएम बनने का सपना कभी पूरा नहीं होगा। समाजवादी पार्टी अकेले ही मोदी को रोकने में सक्षम है। हम मोदी को किसी भी कीमत पर देश का पीएम नहीं बनने देंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब देखो तब नरेंद्र मोदी गुजरात के विकास की बात करते हैं, लेकिन सच्चाई इसके ठीक उलट है। गुजरात विकास के मामले में बहुत पीछे है।
सपा प्रमुख ने कहा कि नरेंद्र मोदी इंसानियत का हत्यारा है। मोदी ने गुजरात में हजारों मुसलमानों का कत्लेआम करवाया। भाजपा ने हमेशा मुसलमानों को अपना सबसे बड़ा दुश्मन दुश्मन समझा, लेकिन अब केंद्र की सत्ता में आने के लिए मुसलमानों से माफी मांगने की बात की जा रही है। भाजपा के नेताओं को पता है कि मुसलमानों के समर्थन के बिना वे केंद्र की सत्ता में नहीं आ सकते हैं, इसीलिए अब उनसे माफी मांगने की बात की जा रही है। हिन्दुस्तान का मुसलमान कभी इन लोगों को माफ नहीं करेगा। देश का मुसलमान बहुत बहादुर और समझदार है।
गंगा-यमुना-सरस्वती के पवित्र संगम से महज थोड़ी दूर स्थित ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में सपा की देश बचाओ-देश बनाओ महारैली में लोगों की भारी भीड़ जुटी। पिछले तीन-चार दिनों से यहां बारिश हो रही थी, जिससे आयोजक बहुत परेशान थे। लेकिन आज सुबह से ही मौसम पूरी तरह साफ था। लिहाजा दोपहर होते-होते पूरा मैदान लोगों से भर गया।
महारैली को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि आज एक बार फिर एक ही दिन हमारी और मोदी की रैलियां हो रही हैं। जाहिर है हमेशा की तरह मीडिया दोनों रैलियों की तुलना करेगा। महारैली की कवरेज कर रहे पत्रकारों की तरफ देखते हुए उन्होंने कहा कि आप लोग पता कर लीजिए, मेरी रैली में मोदी की रैली से बहुत ज्यादा भीड़ जुटी है। मोदी की रैलियों में भीड़ जुटाने के लिए भाजपा करोड़ो रूपए खर्च कर रही है। जबकि मेरी रैलियों में लोग खुद चलकर आते हैं। मोदी की लखनऊ रैली के लिए भाजपा ने 25 ट्रेनें, चार हजार से ज्यादा बसें बुक कराई थीं। यही नहीं भाजपा ने भीड़ जुटाने के लिए 15 हजार मोटर साइकिलें बांटी। क्या भाजपा के नेता यह बताएंगे कि उनके पास इतना पैसा कहां से आ रहा है।
मुलायम सिंह यादव ने भाजपा के साथ ही कांग्रेस को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि सत्ता के लिए दोनों राजनीतिक पार्टियों में अंदरखाने समझौता है। भाजपा और कांग्रेस पैसे के दम पर चुनाव लडती हैं जबकि हम पसीना बहाकर चुनाव लड़ते हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी नहीं बख्शा। सपा प्रमुख ने कहा कि सोनिया गांधी विकास की बात सिर्फ रायबरेली तक सोचती हैं। जबकि सपा प्रदेश और देश के विकास के बारे में सोचती है। सोनिया गांधी लखनऊ से रायबरेली तक की सड़क को फोर लेन बनवा रही थीं। हमने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से कहा कि अगर फोर लेन सड़क बननी है तो वह सिर्फ रायबरेली तक ही क्यों....लखनऊ से इलाहाबाद तक फोर लेन सड़क बननी चाहिए। और अब इलाहाबाद से लखनऊ तक फोर लेन सड़क बन रही है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी मुझे चुनौती देते फिर रहे हैं। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि मेरा सीना बहुत मजबूत है। गुजरात दंगों के दौरान जब मैं अहमदाबाद गया था तो उन्होंने मुझे सुरक्षा देने से मना कर दिया था। मोदी ने कहा था कि आप अपने रिस्क पर दंगा प्रभावित इलाकों में जाना चाहते हैं तो जाइए। लेकिन अगर आपको कुछ होता है तो हमारी सरकार की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। गुजरात सरकार से सुरक्षा न मिलने के बावजूद मैं अहमदाबाद गया और दंगा पीड़तों से मुलाकात कर उनका दर्द बांटा। मुसलमान भी इस देश के उतने ही सम्मानित नागरिक हैं जितने कि हिन्दू या अन्य लोग हैं।
मुलायम सिंह यादव ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी गुजरात के विकास को लेकर को बहुत बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि गुजरात की हालत बहुत खराब है। गुजरात में 37 फीसदी महिलाएं और 50 फीसदी बच्चे कुपोषण के शिकार हैं। गुजरात के 90 प्रतिशत पुरुष और 89 प्रतिशत महिलाएं असंगठित क्षेत्र में मजदूरी कर रहे हैं। देश में सबसे ज्यादा गुजरात की नदियां गंदी हैं। मोदी हमारे साथ क्या मुकाबला करेंगे। अगले पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश देश का नंबर वन राज्य होगा। अखिलेश यादव सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है।
सपा प्रमुख ने महारैली के मंच पर मौजूद सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से कहा कि कांग्रेस, भाजपा और बसपा के कुशासन की वजह से उत्तर प्रदेश विकास की राह में पिछड़ गया। अब नयी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के जरिए यूपी के खोए गौरव को वापस लाओ। राज्य में संपूर्ण शिक्षा को मुफ्त करो। इससे गरीबों के बच्चों को भी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि अभी तक अपने देश में ज्यादातर समय तक कांग्रेस ने शासन किया है लेकिन उसने मुसलमानों की बेहतरी के लिए कुछ भी नहीं किया। कांग्रेस ने मुसलमानों को हमेशा वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। देश में मुसलमानों और किसानों की हालत सबसे ज्यादा खराब है। अगर समाजवादी पार्टी केंद्र की सत्ता में आई तो वह मुसलमानों और किसानों की भलाई के लिए काम करेगी।
सपा प्रमुख ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव मेरा चुनाव है। आप लोग सपा के ज्यादा से ज्यादा उम्मीदवार जितवाकर लोकसभा में भेजें जिससे कि केंद्र में सपा के बिना अगली सरकार नहीं बन सके। उन्होंने मंच पर मौजूद इलाहाबाद से सपा प्रत्याशी कुंवर रेवती रमण सिंह, फूलपुर से धर्मराज पटेल, मिर्जापुर से सुरेंद्र पटेल, भदोही से सीमा मिश्रा, कौशाम्बी से शैलेंद्र कुमार, फतेहपुर से राकेश सचान, बांदा-चित्रकूट से बाल कुमार पटेल, प्रतापगढ़ से सी.एन. सिंह, सुल्तानपुर से शकील अहमद, जौनपुर से पारस नाथ यादव, श्रावस्ती से अतीक अहमद को लोकसभा चुनाव में जिताने की अपील की।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क