डीबी लाइव

बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद मंत्रियों के विभागों का बंटवारा तो हो गया है, लेकिन अभी भी बिहार की सियासत में सब-कुछ ठीक-ठाक नहीं हैं। नीतीश की कैबिनेट में कोई जगह नहीं मिलने से जीतन राम मांझी नाराज हो गए हैं।

बिहार में सत्ता बदलते ही मंत्री भी बदल गए हैं। शुक्रवार को नीतीश के कैबिनेट का विस्तार हुआ जिसमें उनके 27 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। नीतीश मंत्रिमंडल में भाजपा कोटे के 11 जनता दल से 14 और लोक जनशक्ति पार्टी से एक विधायक को जगह दी गई है।

इस सब के बीच बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी नाराज हैं, क्योंकि उनको नीतीश मंत्रिमंडल में कोई जगह नहीं दी गई है। माना जा रहा है कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा पार्टी के अध्यक्ष जीतनराम मांझी नीतीश सरकार से इसलिए भी नाराज हैं क्योंकि मंत्रिमंडल में रामविलास पासवन के भाई पशुपति नाथ पारस को जगह दी गई है।

मांझी ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार में सबसे पहले हमारा हक था, हमें कमजोर समझकर सताया गया है।

मांझी ने कहा कि जो पहलवान है उसको घी, दूध, मलाई दिया जा रहा है, लेकिन जो कमजोर है, उसे कुछ भी नहीं दिया गया।

सूत्रों का कहना कि लालू प्रसाद की ओर से जीतन राम मांझी को महागठबंधन में आने का न्यौता दिया गया है। कहा जा रहा है कि एक दो दिनों में इसको लेकर दोनों के बीच मुलाकात भी हो सकती है।

अगर बात जीतन राम मांझी और नीतीश के रिश्तों की करें तो 2014 से पहले दोनों के रिश्ते काफी सहज रहे। नीतीश कुमार के सत्ता में आने पर ही उन्हें पहली बार 2008 में कैबिनेट मंत्री बनाया गया। वैसे 2015 में विधानसभा चुनाव से पहले जीतनराम मांझी बिहार की सियासत में उभर कर सामने आए थे, जब 2014 में नीतीश अपनी पार्टी की संसदीय चुनाव में खराब प्रदर्शन के कारण मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद जीतन राम मांझी उनके उत्तराधिकारी बने। हालांकि मुख्यमंत्री बनने के 10 महीनों के बाद पार्टी ने उनसे नीतीश कुमार के लिये पद छोड़ने को कहा। ऐसा न करने के कारण उनको पार्टी से निष्कासित कर दिया गया और 20 फरवरी 2015 को बहुमत साबित न कर पाने के कारण उन्होंने इस्तीफ़ा दे दिया। इसके बाद दोनों के रिश्तों में खटास साफ तौर पर देखने को मिली और मांझी ने अपनी अलग पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा पार्टी बनाई।

अब जीतनराम मांझी के करीबियों ने मोर्चा खोलते हुए कहा है कि उन्हें एनडीए में उचित सम्मान नहीं मिल रहा है।

News & Politics