नोएडा : हैवल्स में श्रमिकों के उत्पीड़न के खिलाफ सीटू का प्रदर्शन
नोएडा : हैवल्स में श्रमिकों के उत्पीड़न के खिलाफ सीटू का प्रदर्शन
नोएडा(गौतमबुद्ध नगर), 15 जून। हैवेल्स कंपनी समूह में कर्मचारियों पर हो रहे दमन-शोषण उत्पीड़न एवं संस्थान की सिड़कुल (हरिद्वार) यूनिट में 410 कर्मचारियों को गैरकानूनी तरीके से नौकरी से निकाले जाने के विरोध में सीटू के नेतृत्व में कर्मचारियों ने हैवल्स इंडिया के कार्पोरेट कार्यालय पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में धरना-प्रदर्शन किया।
सीटू के वरिष्ठ नेता एम.पी. जगमौला ने बताया कि हैवल्स कंपनी के सिडकुल यूनिट में लगभग 1500 मजदूर दो शिफ्टों में काम करते हैं। फैक्ट्री में पंखे बनाने का कार्य होता है। पूरे संस्थान में सभी मजदूर ठेके पर हैं, मजदूरों को पहचानपत्र, वेतन पर्ची, न्यूनतम वेतन, कानूनी ओवर टाइम, बोनस आदि नहीं दिया जाता है तथा कैंटीन की सुविधा भी नहीं है।
उन्होंने बताया कि शोषण के खिलाफ आवाज उठाने पर 410 श्रमिकों को गैरकानूनी तरीके से नौकरी से निकाल दिया गया। कर्मचारी नेता डोली ने कंपनी में श्रमिकों के साथ हो रहे अमानवीय व्यवहार को रेखांकित किया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सीटू के दिल्ली राज्य सचिव कामरेड अनुराग सक्सेना ने कर्मचारियों की मांगों और आंदोलन का समर्थन किया और केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों पर प्रकाश डाला और 2 सितंबर की हड़ताल की जोरदार तैयारी करने का आह्वान किया।
सीटू जिलाध्यक्ष गंगेश्वरदत्त शर्मा ने हैवल्स प्रबंधकों की मजदूर विरोधी नीतियों के लिए कड़ी निंदा की और मांग की कि गैरकानूनी तरीके से निकाले गए कर्मचारियों को क्षति-पूर्ति सहित कार्यो पर बहाल करने और श्रमिकों की समस्याओं मांगों का उचित समाधान करने कि मांग की।
उन्होंने कहा कि प्रबंधकों को श्रम कानूनों का पालन करना होगा, अन्यथा बड़ा आंदोलन किया जाएगा।


