स्थान- लखनऊ में 5, विक्रमादित्य मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का आवास। तारीख- 7 दिसंबर, रविवार। समय- दोपहर के सवा बारह बजे।
वायरलेस पर संदेश प्रसारित होता है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव हिन्दी संस्थान के कार्यक्रम से अपने आवास के लिए रवाना हो चुके हैं। इस संदेश के प्रसारित होते ही कोठी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की हलचल बढ़ जाती है। ठीक 12 बजकर 20 मिनट पर मुलायम सिंह यादव का काफिला कोठी के अंदर चला जाता है। कोठी के बाहर खड़े मीडियाकर्मी नेताजी की तस्वीर अपने कैमरों में कैद करने की कोशिश करते हैं। 12.40 बजे सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता प्रो. रामगोपाल यादव वहां पहुंचते हैं। उनकी कार सीधे कोठी के अंदर चली जाती है।
डेढ़ बजे के लगभग मुलायम सिंह यादव के आवास पर जमा पत्रकारों को खबर मिलती है कि राष्ट्रीय जनता दल के नेता लालू प्रसाद यादव अपने बेटे तेजस्वी यादव के साथ अमौसी एयरपोर्ट पर पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव और बदायूं से सांसद धर्मेंद्र यादव, लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव की अगवानी करते हैं। एयरपोर्ट पर राष्ट्रीय जनता दल की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अशोक सिंह भी लालू प्रसाद का स्वागत करते हैं।
एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही लालू प्रसाद वहां मौजूद मीडियाकर्मियों से कहते हैं कि वह अपनी छोटी बेटी राजलक्ष्मी की शादी नेताजी के प्रपौत्र और मैनपुरी से सांसद तेज प्रताप यादव से तय करने आए हैं। वह शगुन में दिल लेकर आए हैं। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए वह कहते हैं कि पिछली बातों को भूलकर हमें आगे बढ़ना है। हमारा संबंध अब सीमेंट से ज्यादा मजबूत है, यह कभी नहीं टूटेगा।
दोपहर दो बजे लालू प्रसाद यादव का काफिला मुलायम सिंह यादव के आवास पर पहुंचता है। सपा प्रमुख और प्रो. राम गोपाल यादव पोर्टिको में लालू प्रसाद को बुके भेंटकर उनका स्वागत करते हैं। नेताजी गर्मजोशी से स्वागत करने के बाद लालू प्रसाद यादव को गले लगा लेते हैं। तेजस्वी यादव कार से उतरकर नेताजी और राम गोपाल यादव के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेते हैं। इसके बाद सभी लोग ड्राइंग हॉल की तरफ जाते हैं और वहां लगी कुर्सियों पर बैठ जाते हैं। चाय-नाश्ता का दौर चलता है। इसके बाद लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव शगुन की रस्म पूरी करते हैं। शगुन की रस्म पूरी करने के बाद लालू प्रसाद सपा अध्यक्ष की तरफ बढ़ते हैं। मुलायम सिंह और लालू प्रसाद यादव गले मिलते हैं। राजनीति के दोनों दिग्गज एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाते हैं। समारोह में मौजूद लोग भी एक दूसरे को बधाई देते हैं। तेजस्वी यादव अपने होने वाले बहनोई तेज प्रताप को मिठाई खिलाते हैं और गले मिलते हैं।
इस बीच सपा के राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता प्रो. राम गोपाल यादव, मुलायम सिंह और लालू प्रसाद के पास जाते हैं और कहते हैं कि अगर वह दोनों लोग बाहर मौजूद मीडियाकर्मियों को बुलाकर उनसे बातचीत कर लें तो अच्छा रहेगा। इसके बाद मीडियाकर्मियों को कोठी के अंदर बुलाया जाता है। लालू प्रसाद कहते हैं कि हमने अपनी छोटी बेटी की शादी नेताजी के प्रपौत्र तेज प्रताप से तय की है। तिलक सैफई में होगा। पंडितजी जो शुभ मुहूर्त बताएंगे उसी दिन तिलक होगा।
दो राजनैतिक परिवारों में रिश्ता तय होने की बात पूछने पर लालू प्रसाद ने नेताजी की तरफ देखते हुए कहा, हम सभी लोगों ने नेताजी को अपना नेता मान लिया है। नेताजी के नेतृत्व में आगे बढ़ा जाएगा। नेताजी का नेतृत्व हम सभी को स्वीकार है। देयर इज नो ईगो प्राब्लम... भाजपा झूठ बोलकर और लोगों को गुमराह करके सत्ता में आयी है। हम भाजपा के झूठ को बेनकाब करेंगे। पत्रकार जब नेताजी से कुछ बोलने का आग्रह करते हैं तो वह कहते हैं, दोनों बच्चों (तेज प्रताप यादव और राजलक्ष्मी)को हमारा आशीर्वाद है।
O- दिनेश शाक्य