नई दिल्ली, 31 मार्च। खबर है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन शहरयार खान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और वरिष्ठ पत्रकार नजम सेठी पीसीबी के नए चेयरमैन होंगे।

ऐसा माना जा रहा है कि शहरयार खान इस साल जून में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के वार्षिक सम्मेलन के बाद इस पद को छोड़ देंगे।

समाचार पत्र 'द डॉन' की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, शहरयार ने पीसीबी के प्रमुख संरक्षक और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को इस्तीफा सौंप दिया है।

शहरयार ने बोर्ड के सदस्यों के साथ एक बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पीसीबी के चेयरमैन पद से इस्तीफा देने के पीछे मुख्य कारण व्यक्तिगत और स्वास्थ्य संबंधी हैं।

उन्होंने कहा,

"मैंने शासक मंडल (बीओजी) के सदस्यों से कहा था कि उन्होंने मुझे तीन साल पहले पीसीबी का चेयरमैन नियुक्त किया था, लेकिन अब मैंने इस पद या किसी अन्य पद की उम्मीदवारी से दूर रहने का फैसला किया है।"

शहरयार ने कहा कि उन्होंने अपने इस्तीफे के फैसले के बारे में प्रधानंत्री को सूचित किया था। उन्होंने कहा, "यह मेरा निजी फैसला है, जो स्वास्थ्य और निजी कारणों से लिया गया है।"

शहरयार से जब पूछा गया कि अगर उनका यह इस्तीफा अस्वीकार कर दिया जाता है, तो वह क्या करेंगे? इस पर उन्होंने कहा,

"तब मैं देखूंगा कि क्या करना है। अगर इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाता है, तो अगले पीसीबी चेयरमैन के चुनाव के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।"

इससे पहले पिछले वर्ष अप्रैल 2016 में भी शहरयार खान के इस्तीफे की खबरें आई थीं, जिन्हें बाद में श्री खान ने खारिज कर दिया था।

उधर द ट्रिब्यून (पाकिस्तान) की एक खबर के मुताबिक वरिष्ठ पत्रकार नजम सेठी पीसीबी के नएचेयरमैन होंगे। यदि ऐसा होता है तो श्री सेठी तीसरी बार पीसीबी केचेयरमैन का पदभार ग्रहण करेंगे।