पुणे के सम्बद्ध आई टी प्रोफेशनल्स द्वारा ज़ारी वक्तव्य
हम, अधोह्स्ताक्षरित इस हफ्ते की शुरुआत में पुणे शहर में हुई घृणा के चलते अपराध की क्रूर घटना पर गहरा क्षोभ प्रकट करते हैं। 28 वर्ष के एक आई टी प्रोफेश्नल शेख सादिक़ मोहम्मद की उन लोगों के एक समूह द्वारा पीट-पीट कर ह्त्या कर दी गयी जिनके बारे में हिन्दू राष्ट्र सेना नामक एक उग्रपंथी हिन्दू संगठन से जुड़े होने का संदेह है।
बताया जाता है कि मोहसिन सोमवार की रात जब एक मस्जिद से नमाज पढ़ कर लौट रहा था तो उसने खुद को एक भीड़ से घिरा पाया। जैसा कि घृणा के कारण होने वाले हर अपराध में होता है, नमाजी टोपी और दाढ़ी हत्यारों के लिए उस पर घातक इरादों के साथ टूट पड़ने के लिए काफी थी। शहर में उस समय कथित रूप से फेसबुक पर शिवाजी तथा भूतपूर्व शिव सेना प्रमुख बाल ठाकरे के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने वाली पोस्ट्स के कारण शिवसेना, भाजपा तथा अन्य उग्रपंथी हिन्दू संगठनों द्वारा बंद तथा सड़क पर हिंसक विरोध हो रहा था। हमलावर तब ज़ाहिर तौर पर ऐसे ही विरोध का हिस्सा थे जब उन्होंने सोमवार की रात पुणे के हादसपुर क्षेत्र की बैंकर कालोनी में मोहसिन को देखा।
आप इस घटना को महाराष्ट्र में होने वाले आगामी चुनावों के सन्दर्भ के बिना नहीं देख सकते।
जैसा कि हमने और जगहों पर देखा है यहाँ यह कुछ ही महीनों में होने वाले चुनावों की तैयारी के रूप में लोगों को केवल चुनावी लाभ के लिए साम्प्रदायिक आधार पर गोलबंद करने के उद्देश्य से होता हुआ प्रतीत हो रहा है। हम राज्य सरकार से प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए, ऐसी किसी भी कोशिश को तत्परता से नाकामयाब करने की अपील करते हैं ; हम महाराष्ट्र की जनता से भी ऐसे किसी भी षड्यंत्र का शिकार न होने और राज्य की उस प्रगतिशील परम्परा को कायम रखने की अपील करते हैं जिसमें घृणा के लिए कोई जगह नहीं रही है और जो विभिन्न समुदायों, धर्मों और सांस्कृतिक समुदायों के शांतिपूर्ण सहस्तित्व की साक्षी रही है।
मोहसिन के परिवार जनों और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए, हम लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और न्याय के मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष में अल्पसंख्यक/वंचित समुदाय के प्रत्येक व्यक्ति के साथ हृदय से एकता प्रदर्शित करते हैं।
हस्ताक्षर
नीरज खोलिया
धनेश बिराजदार
भारतभूषण तिवारी
नितिन अग्रवाल
विनोद पिल्लई
कामेश
गोकुल पाणिग्रही
रजत जौहरी
उज्ज्वल बारपात्रे
क्षितिज पाटिल
सानिन्द शेख
अकबर अली
प्रिंस शैली
मोहम्मद शहजाद
शेख अशफाक हुसैन