बलात्कार आरोपी मौनी बाबा की गिरफ्तारी को लेकर धरना 13 अगस्त को
बलात्कार आरोपी मौनी बाबा की गिरफ्तारी को लेकर धरना 13 अगस्त को
लखनऊ 12 अगस्त 2014। नाबालिग लड़की के अपहरण, बलात्कार करने और उसे बेचने की कथित साजिश रचने के आरोपी अमेठी के मौनी बाबा और अन्य की गिरफ्तारी और घटना की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आज विभिन्न सामाजिक व महिला संगठनों की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 13 अगस्त, बुधवार को अपराहन साढ़े 3 बजे गांधी प्रतिमा जीपीओ हजरतगंज पर धरना देंगे।
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि एक तरफ तो निर्भया कांड के बाद बलात्कार के मामलों में कानून को और सख्त बनाया गया है लेकिन इसके उलट ऊंची पहुंच वाले आरोपियों को बचाने में पूरा सरकारी अमला लग जाता है। अमेठी में नाबालिग लड़की के अपहरण और बलात्कार मामले में मौनी बाबा और उसके सहयोगियों के खिलाफ अब तक एफआईआर दर्ज न होना इसका सबूत है।
संगठनों ने मांग की कि उत्तर प्रदेश सरकार तत्काल नाबालिग लड़की के अपहरण और बलात्कार के आरोपी मौनी बाबा व अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तार करे और इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए।
बैठक में लखनऊ विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति रुप रेखा वर्मा, नसीम इक्तेदार अली, मधु गर्ग, ताहिरा हसन, निवेदिता श्रीवास्तव, कनक गुप्ता, ज्योत्सना, अपूर्वा, कहकशां, हिना, गीता, शुएब आलम, सृजन योगी आदियोग, हाजी फहीम सिद्किी, एमएम खान, नदीम, गुफरान सिद्किी, मोहम्मद शुऐब, शाहनवाज आलम और राजीव यादव आदि शामिल रहे।


