बांग्लादेश में एक घटनाक्रम में प्रमुख विपक्षी नेता और नेशनलिस्ट पार्टी प्रमुख खालिदा जिया को नज़रबंद कर दिया गया है।

पिछले वर्ष 5 जनवरी को संपन्न हुए आम चुनाव की पहली वर्षगांठ पर नेशनलिस्ट पार्टी के नेतृत्व में 20 दलों के साझा मोर्चे ने ढाका के नया पल्टन में विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई थी जबकि सत्तारूढ़ अवामी लीग द्वारा राजधानी के 16 प्रमुख ठिकानों पर रैली की घोषणा के चलते टकराव की आशंका बढ़ गई है। इसी के मद्देनजर पूर्व पीएम जिया को उनके कार्यालय में ही प्रशासन द्वारा घेराबंदी कर लिया गया था, जिसके बाद कल रात से ही वह अपने गुलशन कार्यालय में बंद हैं। महिला पुलिस सहित और ज्यादा पुलिस बलों को इमारत के बाहर तैनात कर दिया गया है।

बांग्लादेश की मीडिया में आई रिपोर्ट्स के मुताबिक नेशनलिस्ट पार्टी प्रमुख खालिदा जिया और उनके कार्यालय की घेराबंदी कर दी गई है जिससे उन्हें शनिवार पूरी रात इमारत के भीतर ही गुजारनी पड़ी। पुलिस द्वारा घेराबंदी करने के कारण खालिदा जिया को पूरी रात उनके कार्यालय में ही गुजारनी पड़ी।

जिया के विशेष सहायक शिमुल बिस्वास ने संवाददाताओं को बताया, ‘पुलिस ने उन्हें (जिया) कार्यालय से निकलने से रोक रखा है। उन्हें उनकी इच्छा के खिलाफ (अपने कार्यालय में) रोका गया है।’ बीएनपी ने चुनावों का बहिष्कार करते हुए कहा था कि वर्तमान पीएम शेख हसीना की सरकार ने धांधली की है। पार्टी ‘लोकतंत्र हत्या दिवस’ के तौर पर सोमवार को ढाका में एक बड़ी रैली आयोजित करने वाली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर पुलिस ने अवरोधक डाल रखे हैं और इस बात पर नजर रखी जा रही है कि भवन से कोई निकल नहीं पाए।