बाबरी मस्जिद मुकदमे के मुद्दई हाशिम अंसारी की इलाज में सपा सरकार का निंदनीय रवैया
बाबरी मस्जिद मुकदमे के मुद्दई हाशिम अंसारी की इलाज में सपा सरकार का निंदनीय रवैया
लखनऊ 4 जुलाई 2014। बाबरी मस्जिद मुकदमे में मस्जिद की तरफ से मुद्दई हाशिम अंसारी के इलाज में सपा सरकार द्वारा की जा रही उपेक्षा की रिहाई मंच ने आलोचना की है।
रिहाई मंच के अध्यक्ष मोहम्मद शुऐब ने जारी बयान में कहा कि हाशिम अंसारी के साथ फोटो खिंचवाकर पूरे देशभर में अपने को धर्मनिरपेक्षता का झंडा बरदार साबित कर पिछले दो दशक से राजनीति करने वाले मुलायम सिंह, उनके मुख्यमंत्री बेटे अखिलेश और पार्टी के कथित मुस्लिम चेहरे आजम खान द्वारा उनके लखनऊ स्थित केजीएमयू के लारी कार्डियोलॉजी सेंटर में भर्ती होने के बावजूद मुलाकात न करना और इलाज में मदद न करना सपा की अमानवीय अवसरवाद प्रदर्शित करता है।
अस्पताल में 97 वर्षीय हाशिम अंसारी के परिजनों से मिलने गए रिहाई मंच नेता गुफरान सिद्दीकी ने कहा कि सपा सरकार की उपेक्षा का अंदाजा इसी से लग जाता है कि हाशिम अंसारी का ऑपरेशन 3 जुलाई को होना था। जिसमें आने वाला खर्च जो लगभग 55 हजार है, की सहायता दिलाने का आश्वासन उत्तर प्रदेश के अपर महाधिवक्ता जफरयाब जिलानी ने दिया था, लेकिन अब तक सहायता न मिलने के कारण 3 जुलाई को उनका ऑपरेशन नहीं हो सका। जिसके बाद आर्थिक रूप से कमजोर उनके परिवार ने खुद से पच्चीस हजार रुपए और बाकी लोगों के सहयोग से तीस हजार रुपए इकट्ठे करके जमा कराया तब जाकर आज 4 जुलाई को उनके आपरेशन की प्रक्रिया शुरु की गई। उनके परिवार द्वारा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन को फैक्स द्वारा सूचित करने के बावजूद कोई सुध तक लेने नहीं आया।


