नई दिल्ली। बिहार में पिछले दिनों तेजी से चले राजनीतिक घटनाचक्र में सत्‍तारूढ जनता दल यूनाइटेड द्वारा नीतीश कुमार के इस्‍तीफे के बाद उनकी जगह जीतन राम माझी को मुख्‍यमंत्री बनाये जाने को सोशलिस्‍ट पार्टी ने सकारात्‍मक कदम माना है।
सोशलिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. प्रेम सिंह व बिहार के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि महादलित समाज से आने वाले जीतन राम माझी लंबे राजनीतिक अनुभव और बेदाग छवि वाले वरिष्‍ठ राजनेता हैं। अति पिछड़े समाज से आने वाले समाजवादी नेता स्‍वर्गीय कर्पूरी ठाकुर के बाद बिहार में अति दलित समाज का नेता मुख्‍यमंत्री बना है। आशा की जानी चाहिए है कि विधायकों के समर्थन व सहयोग के साथ जीतन राम माझी के नेत़ृत्‍व में बिहार की मेहनतकश और वंचित जनता का सशक्‍तीकरण होगा। साथ ही इस फैसले से सांप्रदायिक ताकतों की काट भी होगी।
सोशलिस्‍ट पार्टी का मानना है कि भले ही जदयू ने यह फैसला राजनीतिक बाध्‍यता के चलते किया है, इससे कुछ हद तक महात्‍मा गांधी और डॉ. लोहिया की अभिलाषा साकार हुई है।