नई दिल्ली। पाकिस्तान के प्रधान मंत्री मोहम्मद नवाज शरीफ ने कहा है कि लाहौर का दौरा करके भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सद्भावना का प्रदर्शन किया और पाकिस्तान और भारत के बीच विवाद हल होने चाहिए।
रेडियो ईरान की एक खबर के मुताबिक पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने बुधवार को मीडियाकर्मियों से वार्ता में कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सद्भावना की भावना लेकर पाकिस्तान आए थे जिससे समस्याओं को हल करने में आसानी होगी और अगर सब सकारात्मक भूमिका निभाएं तो वार्ता प्रक्रिया पटरी से नहीं उतरेगी।
नवाज़ शरीफ़ ने कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री लाहौर आए और चार घंटे हमें दिए, भारत-पाक वार्ता का दौर फिर से शुरू होगा, दुनिया में बड़े मामलों को बातचीत से हल किया गया है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लिए समय की मांग है कि हम एक दूसरे के दुश्मन बन कर न रहें।
याद दिला दें भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 दिसंबर को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ के 66वें जन्म दिवस और उनके परिवार में एक विवाह की रस्म के अवसर पर लाहौर की अचानक यात्रा की थी। इस भेंट का उल्लेख करते हुए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ ने कहा कि इस बात पर सहमति बनी है कि हम पाकिस्तान और भारत के बीच वार्ता प्रक्रिया को पुनः आरंभ करें।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत के साथ द्विपक्षीय बातचीत में प्रगति हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दल भाजपा की नीति निर्धारक संस्था आरएसएस भी पाकिस्तान को छोटा भाई बता चुका है।