भगत सिंह के सपने का भारत बनाने में ही हमारा हित है- डॉ. प्रदीप शर्मा
भगत सिंह के सपने का भारत बनाने में ही हमारा हित है- डॉ. प्रदीप शर्मा
लखनऊ। भगत सिंह के सपने का भारत बनाने में ही हमारा हित है और यही उनको हमारी सच्ची श्रद्धाजंलि होगी।
यह विचार उत्तर प्रदेश मिनिस्टीरिएल एसोसिएशन,लोक निर्माण विभाग के संघ भवन के हॉल में ‘ भगत सिंह के सपने और वर्तमान भारत‘‘ विषय पर हुयी गोष्ठी में शिया कालेज,लखनऊ के प्रोफेसर एवं मास कॉम विभाग के असिस्टेंट कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रदीप शर्मा, ने व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि आज नौजवानों का बहुत बड़ा तबका बेरोज़ग़ार है, वह अपने हुनर का इस्तेमाल देश की तरक्की के लिये करना चाहता है, लेकिन उसको अवसर नहीं मिल रहा है। उदारीकरण के इस दौर में आज नयी पेंशन नीति के नाम पर कर्मचारी वर्ग के हित सुरक्षित नहीं हैं जिसके लिये भगत सिंह के रास्ते पर चलते हुये संघर्ष करने की ज़रूरत हैं ।
गोष्ठी का उद्घाटन करते हुये उत्तर प्रदेश मिनिस्टीरिएल एसोसिएशन,लोक निर्माण विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एस0पी0 सिंह ने कहा कि भगत सिंह हमारे प्रेरणा स्रोत एवं आदर्श हैं। उनके आदर्शों का अनुकरण करना आज के विभिन्नता भरे समाज के लिये आवश्यक है। उदारीकरण के दौर में अमीर और अमीर, ग़रीब और ग़रीब हो रहा है, जिसे सिर्फ़ भगत सिंह के विचारों से रोका जा सकता है।
कार्यक्रम में कौशलेन्द्र प्रताप क्षेत्रीय अध्यक्ष,ज्योति प्रकाश पाण्डे क्षेत्रीय महामंत्री,सुधांशु शर्मा जि़ला अध्यक्ष, देवेन्द्र यादव जि़ला सचिव का अभिनन्दन भी किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता सुधांशु शर्मा व संचालन अफ़ीफ़ सिद्दीक़ी ने किया।


