भाजपा का आरोप शिवपाल के करीबी माफियाओं ने की पुलिस अफसरों की हत्या
भाजपा का आरोप शिवपाल के करीबी माफियाओं ने की पुलिस अफसरों की हत्या
लखनऊ , 3 जून। भाजपा ने मथुरा के जवाहरबाग कांड के लिए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव को जिम्मेदार ठहराया है।
प्रतिष्ठित समाचारपत्र देशबन्धु में प्रकाशित समाचार के मुताबिक उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने इलाहाबाद में कहा कि शिवपाल के संरक्षणप्राप्त माफियाओं ने वहां पुलिस अफसरों की हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों का मुआवजा 20 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रुपए किया जाए। अगर इंसाफ नहीं हुआ तो भाजपा आंदोलन करेगी।
भाजपा नेता ने कहा कि अखिलेश यादव दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें। साथ ही उनको संरक्षण देने वाले अपने चाचा शिवपाल यादव पर भी कार्रवाई करें। उनके संरक्षण की वजह से ही दंगाइयों ने खून की होली खेली। वह पुलिस अफसरों पर भी गोलियां बरसाने में नहीं हिचके।
श्री मौर्य ने कहा कि आंदोलन की अगुवाई करने वाला भू-माफिया है। उसे शिवपाल यादव का संरक्षण हासिल था। उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज नहीं रह गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यहां सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। अखिलेश इस मामले में उच्चस्तरीय जांच कराए। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।


