भाजपा नेता ही मोदी को इवेंट मैनेजर बता रहे हैं- अखिलेश यादव
भाजपा नेता ही मोदी को इवेंट मैनेजर बता रहे हैं- अखिलेश यादव
लोकसभा चुनाव में विदेशी कम्पनी के प्रचारतंत्र के जरिए “सेल्स मार्केटिंग“ हो रही है। मतदाताओं को इनसे सावधान रहना होगा।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज यहाँ कहा कि भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेन्द्र मोदी को “इवेंट मैनेजर“ बताया है। लोकसभा चुनाव में विदेशी कम्पनी के प्रचारतंत्र के जरिए “सेल्स मार्केटिंग“ हो रही है। मतदाताओं को इनसे सावधान रहना होगा। समाजवादी सरकार की उपलब्धियों और काम का कोई मुकाबला नही। सेक्यूलरिज्म की लड़ाई में नेताजी मुलायम सिंह यादव की हमेशा प्रमुख भूमिका रही है। सच्चाई सामने आयेगी तो कांग्रेस-भाजपा के मुकाबले समाजवादी पार्टी बड़ी संख्या में लोकसभा सीटों पर अपनी जीत दर्ज कराएगी। उन्होंने कहा भाजपा आरएसएस यूपी की राजनीति को बिगाड़ने का काम कर रही है।
श्री यादव ने कहा कि अल्पसंख्यकों को सुरक्षा देना हमारा कर्तव्य हैं। माहौल खराब करने वालों पर कड़ी कार्यवाही होगी। भाजपा और कांग्रेस चाहती हैं प्रदेश में विकास का काम रूके। लेकिन मतदाता उनकी चालों को विफल कर देगें। अखिलेश यादव आज यहाँ पार्टी मुख्यालय पर बोल रहे थे। मौका था कई संगठनो ,दलों और नेताओं के पार्टी में शामिल होने का। समाजवादी पार्टी की सरकार की उपलब्धियों से प्रभावित होकर और समाजवादी पार्टी की नीतियों तथा श्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में आस्था जताते हुये आज इंडियन जस्टिस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्री कालीचरन के साथ सम्पूर्ण प्रदेश शाखा, हिन्दुस्तान यूनाइटेड मूवमेंट के राष्ट्रीय महासचिव मौलाना हफीजुर रहमान एवं मौलाना सैयद अतहर अली, सदस्य मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड अपने सैकड़ों साथियों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।
पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री तथा समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इन सभी साथियों का स्वागत करते हुये उम्मीद जताई कि इनसे समाजवादी पार्टी को लोकसभा चुनावों में बहुत सहयेाग-समर्थन तथा मजबूती मिलेगी।
इंडियन जस्टिस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कालीचरन सोनकर के साथ प्रदेश महासचिव इसरार उल्ला सिद्दीकी, सुशील कुमार साहू, धर्मजीत सिंह, मनमोहन गुप्ता, योगेन्द्र रावत, महिला शाखा की प्रदेश संयोजक श्रीमती रमावती यादव, उपाध्यक्ष डा0 नसीम फरहत, महासचिव आयशा सिद्दीकी सहित तमाम जनपदों के पदाधिकारी भी शामिल हुये है।
हिन्दुस्तान यूनाइटेड मूवमेंट के राष्ट्रीय महासचिव डा0 हफीज उर रहमान मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड और मिल्ली काउंसिल के सदस्य मौलाना सैयद अतहर अली के साथ मौलाना इंतजार हुसैन (बदायूॅ) इंजी0 नदीमुल इस्लाम (सम्भल) रााहिल अख्तर (सम्भल) नवाब अयूब हसन खान (बरेली) तथा काजी लईक अहमद (सम्भल) ने आज समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली है। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष गाजी इमाम आला और मुस्लिम विकास मंच की सुश्री शाइस्ता परवीन ने समाजवादी पार्टी को अपना समर्थन देने की घोषणा की है।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क


