भाजपा प्रत्याशी दे रहे समर्थन निर्दलीय प्रत्याशी को !!!, कैसे होगा हरियाणा कांग्रेसमुक्त ?
भाजपा प्रत्याशी दे रहे समर्थन निर्दलीय प्रत्याशी को !!!, कैसे होगा हरियाणा कांग्रेसमुक्त ?
नई दिल्ली। अपने प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के मुख्य पोस्टरब्वाय नरेंद्र मोदी हरियाणा और महाराष्ट्र को कांग्रेस मुक्त बनाने के लिए जीजान से जुटे हुए हैं, लेकिन हरियाणा में भाजपा के नेता ही भाजपा की कब्र खोदने में जुटे हुए हैं।
हमारे पास ईमेल के जरिए एक ऑडियो क्लिपिंग ट्रांस्क्रिप्शन सहित आई है जिसमें भिवानी जिले की तोशाम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी गुणपाल सिंह, खुलेआम निर्दलीय प्रत्याशी राजवीर सिंह लाला को समर्थन देने की बात कर रहे हैं।
दरअसल बताया जाता है कि निर्दलीय प्रत्याशी राजवीर सिंह लाला भाजपा सांसद धर्मवीर के सगे भाई हैं। इन चुनावों में भाजपा ने फार्मूला तय किया था कि केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज को छोड़कर एक परिवार से एक व्यक्ति ही सदन में रहेगा इसलिए राजवीर सिंह लाला को भाजपा का अधिकृत प्रत्याशी घोषित न करके गुणपाल सिंह को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। बाद में मालूम पड़ा कि गुणपाल सिंह भी सांसद जी के ममेरे भाई हैं।
अब दिलचस्प बात यह है कि भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी निर्दलीय प्रत्याशी को जिताने की अपील कर रहे हैं और मोदी जी भाजपा की बहुमत की सरकार बनाने की बात कर रहे हैं।
यदि यह खबर सही नहीं है तो भाजपा को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए, जिसकी प्रतीक्षा है।


