भाजपा विधायक कंवर लाल मीणा की गिरफ्तारी की मांग- मोदी को लिखा 150 हस्तियों ने पत्र
भाजपा विधायक कंवर लाल मीणा की गिरफ्तारी की मांग- मोदी को लिखा 150 हस्तियों ने पत्र
भाजपा विधायक कंवर लाल मीणा की गिरफ्तारी की मांग
मोदी को लिखा 150 हस्तियों ने पत्र
कंवर लाल मीणा पर झालावाड़ में सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा रॉय और निखिल डे के गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के कार्यकर्ताओं पर हमले की अगुवाई करने का आरोप
हस्ताक्षर करने वालों में मेधा पाटकर, उमा चक्रवर्ती, हर्ष मंदर, बाबा आधव और एनी राजा भी शामिल
नई दिल्ली, 31 जनवरी। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कंवर लाल मीणा की गिरफ्तारी के लिए शनिवार को 150 से अधिक लोकप्रिय हस्तियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को पत्र लिखा है।
कंवर लाल मीणा पर झालावाड़ में सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा रॉय और निखिल डे के गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के कार्यकर्ताओं पर हमले की अगुवाई करने का आरोप है।
प्रतिष्ठित समाचार पत्र देशबन्धु की खबर के मुताबिक इस पत्र में कहा गया है,
"हम कंवर लाल मीणा द्वारा 'जवाबदेही यात्रा' पर हिंसक हमले करने की घटना की पुरजोर निंदा करते हैं और उनकी गिरफ्तारी की मांग करते हैं।"
इस पत्र पर 150 से अधिक लोकप्रिय हस्तियों ने हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें पत्रकार पामेला फिलीपोज, प्रोफेसर अचिन वनायक, पूर्व सूचना आयुक्त शैलेश गांधी और अर्थशास्त्री जयति घोष जैसी नामचीन हस्ती शामिल हैं।
इनके अलावा जिन लोगों ने इस पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं, उनमें मेधा पाटकर, उमा चक्रवर्ती, हर्ष मंदर, बाबा आधव और एनी राजा भी शामिल हैं।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने पत्रों में इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है।
पत्र के मुताबिक,
"इन हमलों के दोषी और हमला करने के लिए जिम्मेदार नेताओं पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। इन हमलों में पीड़ित लोगों के चिकित्सीय इलाज के लिए उचित मुआवजे का भुगतान किया जाना चाहिए।"
उन्होंने यह भी मांग की कि राजस्थान सरकार को इस घटना की सार्वजनिक तौर पर निंदा करनी चाहिए और इसकी जांच करानी चाहिए।


