मतभेदों के बावजूद #नेहरू के इरादों पर कोई शक नहीं : राजनाथ सिंह
मतभेदों के बावजूद #नेहरू के इरादों पर कोई शक नहीं : राजनाथ सिंह
नई दिल्ली : आखिरकार भारतीय जनता पार्टी को भी कहना पड़ा है कि नेहरू जैसे नेताओं के योगदान के चलते ही भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बना, भारत अब अपने लोकतंत्र की सफलता का उत्सव मना रहा है।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने देश के पहले प्रधानमंत्री व आधुनिक भारत के निर्माता पं. जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वैचारिक मतभेदों के बावजूद, जनता के कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति काम करने के उनके इरादों पर कोई शक नहीं कर सकता।
पं. नेहरू की 126वीं जयंती समारोह के मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा, ‘ऐसे कई मुद्दे हैं जिन पर नेहरू के साथ हमारे मतभेद हैं। हमारे मतभेद उनकी नीतियों को लेकर हैं, लेकिन हम जनता के कल्याण और राष्ट्र निर्माण के लिए काम करने के उनके इरादों पर कोई शक नहीं कर सकते।’
भाजपा के वरिष्ठ नेता सिंह ने कहा कि नेहरू जैसे नेताओं के अथक योगदान के चलते भारत में आज एक जीवंत संसद, एक कारगर नौकरशाही, स्वतंत्र न्यायपालिका और निडर प्रेस है। उन्होंने कहा, ‘नेहरू जैसे नेताओं के योगदान के चलते ही भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बना, भारत अब अपने लोकतंत्र की सफलता का उत्सव मना रहा है।’
भाजपा नेता ने कहा कि नेहरू के नेतृत्व के तहत ही देश ने भिलाई, राउरकेला में बड़े उद्योगों, आईआईटी और आईआईएम जैसे शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों और परमाणु संयंत्रों की स्थापना की।
गृह मंत्री ने कहा कि यद्यपि नेहरू ने औद्योगिकीकरण पर जोर दिया था फिर भी वह यह जानते थे कि देश के लिए कृषि बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नेहरू ने बच्चों के लिए उचित शिक्षा और मार्गदर्शन के लिए हमेशा पहल की क्योंकि वह यह समझते थे कि भारत तब ही एक विकसित देश बनेगा जब उसके बच्चों को उचित शिक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नेहरू अपने समय के कद्दावर विश्व नेताओं में से एक थे और उनके साहसिक नेतृत्व के तहत, गुट निरपेक्ष आंदोलन की शुरूआत हुई थी।
Despite differences no one can doubt nehrus intention-rajnath singh
Rajnath pays respects at Nehru's birth anniversary
// < !
//


