इटावा। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश सरकार में लोक निर्माण, सहकारिता और सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि देश से गैर बराबरी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए केंद्र में सपा की भागीदारी में तीसरे मोर्चे की सरकार बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर समाजवादी का सपना है कि मुलायम सिंह यादव देश के प्रधानमंत्री बनें। केंद्र की संप्रग सरकार ने उत्तर प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार किया है। उसने विकास के लिए राज्य की सपा सरकार को समुचित सहयोग नहीं दिया। लोग कांग्रेस और भाजपा से तंग आ चुके हैं और अब इन दोनों पार्टियों से छुटकारा पाना चाहते हैं।
इटावा लोकसभा सीट से सपा उम्मीदवार प्रेमदास कठेरिया के समर्थन में तुरैया में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण हैं। भाजपा मीडिया के जरिए झूठा और भ्रामक प्रचार कर रही है कि लोकसभा चुनाव में उसे बहुमत मिलेगा। सच्चाई यह है कि चुनाव में भाजपा को बहुमत नहीं मिलेगा। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की लहर है। कांग्रेस- बसपा लड़ाई में नहीं है। सपा राज्य में सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी। नरेंद्र मोदी का प्रधानमंत्री बनने का सपना पूरा नहीं होगा।
खराब मौसम की वजह से सैफई हवाई पट्टी से शिवपाल यादव का हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, जिसके चलते वह सड़क मार्ग से जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। तेज हवा और हल्की बारिश के बावजूद जनसभा स्थल पर हजारों लोगों की भीड़ जमा थी। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के समुचित विकास के लिए केंद्र में तीसरे मोर्चे की सरकार बननी चाहिए। तीसरे मोर्चे में जितने भी दल शामिल हैं उनमें सबसे बड़ा दल समाजवादी पार्टी है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा के कुछ नेता धमकी दे रहे हैं कि लोकसभा चुनाव के बाद अखिलेश यादव सरकार की विदाई हो जाएगी, मैं इन नेताओं से कहना चाहता हूं कि वे अपनी मर्यादा पार न करें। भाजपा कभी इस स्थिति में नहीं आ पाएगी कि वह अखिलेश यादव सरकार का कोई नुकसान कर सके।