निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान किया

महाराष्ट्र में 20 नवंबर 2024 को विधानसभा चुनाव होंगे। 9.63 करोड़ मतदाता में 20.93 लाख नए मतदाता शामिल हैं। जानें मतदान और अन्य महत्वपूर्ण तिथियां, मतदान केंद्र और निर्वाचन आयोग की तैयारियों के बारे में।

20 नवंबर को महाराष्ट्र में एक ही चरण में होगा मतदान, 20.93 लाख मतदाता पहली बार डालेंगे वोट

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर 2024 : भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने आज महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के मुताबिक, महाराष्ट्र में चुनाव एक चरण में संपन्न होगा। 288 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवंबर को चुनाव होगा, जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने आज यहां एक प्रेस कान्फ्रेंस में कहा, "महाराष्ट्र में कुल मतदाताओं की संख्या 9.63 करोड़ है, जिनमें से 4.97 करोड़ पुरुष और 4.66 करोड़ महिला मतदाता हैं। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 20.93 लाख है। इसके अलावा महाराष्ट्र में 1,00,186 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, पिछली बार की तुलना में इस बार भी हम पीडब्ल्यूडी और महिलाओं से संचालित बूथ को बनाएंगे।"

राजीव कुमार ने कहा कि महाराष्ट्र में 12.43 लाख वोटरों की उम्र 85 साल से अधिक है। इसके अलावा ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 6,031 है। 1.85 करोड़ युवा वोटरों की उम्र 20 से 29 साल के बीच है।

मुख्य चुनाव आयुक्त के मुताबिक, महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए एक लाख से अधिक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। ईसीआई महाराष्ट्र में समावेशी और सुलभ चुनावों के जरिए सुचारू मतदान अनुभव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की तारीख

22 अक्टूबर (मंगलवार)- राजपत्र अधिसूचना जारी करने की तारीख

29 अक्टूबर (मंगलवार)- नामांकन की अंतिम तिथि

30 अक्टूबर (बुधवार)- नामांकन की जांच की तिथि

04 नवंबर (सोमवार)- उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि

20 नवंबर- महाराष्ट्र में एक चरण में होगा चुनाव

23 नवंबर- महाराष्ट्र में 288 सीटों के लिए होगी मतगणना

Maharashtra Assembly Elections 2024: Voting to be held in one phase on November 20, 20.93 lakh new voters will cast their votes