मीडिया मुगल अनुराग बत्रा को डॉक्टरेक्ट की मानद उपाधि
मीडिया मुगल अनुराग बत्रा को डॉक्टरेक्ट की मानद उपाधि
‘बिजनेस वर्ल्ड’ और ‘एक्सचेंज4मीडिया’ ग्रुप के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ अनुराग बत्रा को भारतीय अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान के लिए झारखंड राय यूनिवर्सिटी की ओर से डॉक्टरेट की मानद उपाधि से नवाजा गया है। हाल ही में वीमेंस इकनॉमिक फोरम के मौके पर आयोजित दीक्षांत समरोह में यूनिवर्सिटी की चांसलर डॉ. हरबीन अरोड़ा ने उन्हें यह उपाधि प्रदान की। कार्यक्रम में वर्ष 2015 की नोबल शांति पुरस्कार विजेता आउडेड बॉउचमोई (Ms. Ouided Bouchamaoui) के साथ ही शिक्षा व सामाजिक क्षेत्र की तमाम हस्तियों ने शिरकत की।
इस मौके पर डॉ. अरोड़ा ने कहा, 'कई सफल बिजनेस हाउसों का संचालन करने के साथ ही समाज के लिए बेहतर करने वालों के रूप में अनुराग बत्रा सबसे अच्छा उदाहरण हैं। अपनी सरलता, समर्पण और बिजनेस मैनेजमेंट की बदौलत वह देश के मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर को एक प्लेटफॉर्म पर लेकर आए हैं और इसे वैश्विक मानचित्र पर रखा है।
भारतीय अर्थव्यवस्था में वृद्धि के प्रति उनकी वचनबद्धता 'बिजनेसवर्ल्ड' के प्रत्येक अंक और उनके द्वारा संपादित और प्रकाशित अन्य प्रकाशनों में दिखाई देती है। उनके द्वारा स्थापित लीडरशिप ईवेंट देश में कारोबार के मुद्दों पर बहस और चर्चा के उच्चतम मानक के लिए फोरम का काम करते हैं।'
वहीं, अनुराग बत्रा का कहना था, 'मेरे लिए मीडिया कभी भी बिजनेस नहीं रही है। यह मेरा पैशन है और लोगों को ज्ञानपरक जानकारी देने के साथ ही प्रतिभा को आगे बढ़ाने और देश की अर्थव्यवस्था में उन्नति के लिए महज एक टूल है। हालांकि मैं टेक्नोलॉजी में विश्वास रखता हूं लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी मेरे लिए लोगों का भरोसा है। मेरी सभी छोटी-बड़ी उपलब्धियों के पीछे हमेशा अच्छे और स्मार्ट लोग रहे हैं।'
वर्ष 2000 में एडवर्टाइजिंग, मीडिया और मार्केटिंग के क्षेत्र में बतौर को-फाउंडर देश के पहले पोर्टल 'एक्सचेंज4मीडिया' की नींव रखने वाले और वर्ष 2013 में बिजनेसवर्ल्ड मैगजीन को अधिग्रहीत वाले अनुराग बत्रा ने कई पब्लिकेशंस और वेबसाइट लॉन्च की हैं। इसके अलावा कुछ अन्य प्रमुख कम्युनिटी जैसे 'बिजनेसवर्ल्ड मार्केटिंग', 'बिजनेसवर्ल्ड सीआईओ', 'बिजनेसवर्ल्ड स्मार्ट सिटीज', 'बिजनेसवर्ल्ड एजुकेशन', 'बिजनेसवर्ल्ड एचआर', 'बिजनेसवर्ल्ड स्टार्टअप्स' और 'बिजनेसवर्ल्ड डिजिटल मीडिया' की कमान भी अनुराग बत्रा के हाथों में है।
इसके अलावा वे कई उद्यमों में भी सलाहकार अथवा निवेशक के रूप में जुड़े हुए हैं। वह एक अच्छे वक्ता भी हैं और विभिन्न शैक्षिक संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों के साथ ही देश-विदेश में बिजनेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते रहते हैं। कंप्यूटर साइंस में बीटेक अनुराग बत्रा ने देश के प्रमुख बिजनेस स्कूलों में से एक 'मैनेजमेंट डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट', गुरुग्राम से एमबीए किया है।
विज्ञप्ति


