लखनऊ, 25 जनवरी। क्या समाजवादी पार्टी के अपदस्थ राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को अपने पुत्र और सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से जान का खतरा है ?

दरअसल यह सवाल उठ खड़ा हुआ है लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह द्वारा गृहमंत्री को लिखे एक पत्र के बाद।

चौधरी सुनील सिंह ने गृह मंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि मुलायम सिंह की जान को अखिलेश यादव से खतरा है और अखिलेश यादव ने नेताजी को नजरबंद कर लिया है और मीडिया को भी मुलायम सिंह से मिलने नहीं दिया जा रहा है।

चौधरी सुनील सिंह ने लिखा है कि मुलायम सिंह यादव के साथ कांशीराम और जयललिता जैसी घटना हो सकती है।

चौधरी सुनील सिंह ने गृह मंत्री को लिखे पत्र को अपनी फेसबुक टाइमलाइन पर भी पोस्ट किया है।

सुनील सिंह, चौधरी राजेंद्र सिंह के बेटे हैं।

चौधरी राजेंद्र सिंह 1980 से 1985 तक उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता विरोधी दल थे।

एक समय ऐसा था जब मुलायमसिंह यादव पर हमले ज्यादा हो रहे थे। उनकी जान को वास्तव में खतरा था। चौधरी राजेंद्र सिंह (जो चौधरी चरण सिंह के काफी नज़दीकी थे और जनता-एस-चरण सिंह के बड़े नेता थे) ने कई बार मुलायम सिंह की सुरक्षा को लेकर विधानसभा में सवाल उठाए थे।

उस समय स्वरूप कुमारी बख्शी उत्तर प्रदेश की गृह मंत्री थीं और विधानसभा में चौधरी साहब से उनकी इस मसले पर नोंक-झोंक हुई।

समय फिर करवट बदल रहा है, तब मुलायम सिंह की सुरक्षा को लेकर चौधरी साहब मोर्चा संभाल रहे थे, आज सुनील सिंह मैदान में डटे हैं।