मोदी जी ने जितना ठगा है, उसका जवाब जनता चुनावों में देगी: मुलायम सिंह यादव
मोदी जी ने जितना ठगा है, उसका जवाब जनता चुनावों में देगी: मुलायम सिंह यादव
नोटबंदी से किसान व व्यापारी दुखी : मुलायम सिंह यादव
बरेली, 7 दिसंबर। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि मोदी सरकार में किसान और व्यापारी सबसे ज्यादा दुखी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सभी वादे पूरे कर लिए हैं।
मुलायम सिंह यादव आज बरेली में पार्टी की एक रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा,
"प्रदेश सरकार ने सभी चुनावी वादे पूरे किए, लेकिन केंद्र सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किए। 15 लाख रुपये देने की बात की गई थी, जो कि पूरी नहीं हुई।"
मुलायम ने कहा,
"समाजवादी पार्टी ने कथनी और करनी में कभी भेद नहीं किया। हम लोग अंग्रेजी के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इसकी अनिवार्यता के खिलाफ हैं। किसी भी देश में पता लगा लो, जिसने अपनी भाषा में काम किया है, उसने तरक्की की है।"
सपा मुखिया ने यूरोप का उदाहरण देते हुए कहा,
"वहां अंग्रेजी नहीं बोली जाती है। अपनी भाषा में उन्होंने तरक्की की है। हमारी भाषा हिंदी और उर्दू है। हमने कहा था कि जो उर्दू में लिखेगा, उसे पेपर में पांच नंबर ज्यादा दिए जाएंगे। हम लोग जाति-धर्म के नाम पर बंटवारा नहीं चाहते।"
लोगों की लगातार मौत हो रही है। नोट बदलने का कोई मतलब नहीं था
उन्होंने कहा,
"कालाधन ज्यादा घरों में नहीं है, बस सौ घरों में है। मोदी जी ने जितना ठगा है, उसका जवाब देश की जनता आने वाले चुनावों में देगी। नोटबंदी से बहुत नुकसान हुआ है। लोगों की लगातार मौत हो रही है। नोट बदलने का कोई मतलब नहीं था।"
मुलायम ने कहा,
"नोट बदलने के लिए छह महीने का समय दिया जाता। यहां तक कि नए नोट भी पूरे नहीं छपे हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि कालाधन किसके पास है? इसकी वजह से किसानों, मजदूरों को काफी दिक्कत हुई। सभी लोगों पर इसका प्रभाव पड़ा है।"


