पटना। अपने बेटे तेज प्रताप यादव के मंत्री पद की शपथ के दौरान एक शब्द के गलत उच्चारण को लेकर उठे विवाद के बीच राजद सुप्रीमो अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार करते हुए कहा है कि मोदी शपथ लेने में एक शब्द का उच्चारण सही नहीं था इसलिए उन्हें दोबारा शपथ लेना चाहिए।
लालू ने ट्विटर पर लिखा, देश को तोड़ऩे का इनका एजेंडा है ही क्योंकि प्रधानमंत्री ने देश की प्रभुता और अखण्डता को अक्षुण्ण रखने की शपथ तो ली ही नहीं थी। उन्होंने अगले ट्वीट में कहा, अक्षुण्ण ही नहीं बोला तो शपथ बेकार है। प्रधानमंत्री को दोबारा शपथ लेनी चाहिए। अक्षुण्ण का हिंदी में कोई शाब्दिक अर्थ नहीं है।
लालू ने मोदी के गलत शपथ लेने का वीडियो लिंक भी ट्विटर पर शेयर किया।
इससे पहले बिहार के उप मुख्यमंत्री और यादव के छोटे पुत्र तेजस्वी यादव ने भी अपने बड़े भाई का ट्विटर के जरिए बचाव करते हुए कहा था कि निंदा करने वाले पक्षपाती लोग हमेशा सच्चाई से मुंह मोड़ते रहेंगे।
बता दें कि बिहार के महुआ विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बने राजद अध्यक्ष के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव समेत शपथ ले रहे तीन विधायकों को राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने उनकी गलतियों के लिए न सिर्फ टोका, बल्कि तेज प्रताप को दोबारा शपथ भी दिलाई थी। तेज प्रताप यादव अपेक्षित के स्थान पर उपेक्षित उच्चारण कर गए थे। उनकी इस गलती पर राज्यपाल ने उन्हें टोका और शपथपत्र दोबारा पढ़ऩे को कहा। तेज प्रताप यादव ने अपनी गलती के लिए क्षमा मांगी और फिर दोबारा शपथपत्र पढ़ा।

"अक्षुण्ण" ही नहीं बोला तो शपथ बेकार है.PM को दोबारा शपथ लेनी चाहिए."अक्षण्ण" का हिंदी में कोई शाब्दिक अर्थ नहीं है.https://t.co/PqDx6p4FqU
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) November 22, 2015

देश को तोड़ने का इनका एजेंडा है ही क्योंकि PM ने देश की प्रभुता और अखण्डता को "अक्षुण्ण" रखने की शपथ तो ली ही नहीं थीhttps://t.co/PqDx6p4FqU — Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) November 22, 2015