मोदी सरकार के महंगाई के वार के खिलाफ रेल रोकी सपाइयों ने
मोदी सरकार के महंगाई के वार के खिलाफ रेल रोकी सपाइयों ने
लखनऊ। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा रोज जनता पर किए जा रहे महंगाई के वार के खिलाफ आज समाजवादी पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने रेल यातायात में बाधा पहुंचाई और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।
केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से पेट्रोल और डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ समाजवादी पार्टी के युवा कार्यकर्ता सदर के पास पहले माल गाड़ी उसके बाद वरुणा एक्सप्रेस को रोक कर दोनों रूटों को जाम कर वहीं पर बैठ गए जिससे एक दर्जन ट्रेनों का आवागमन रुक गया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ये कार्यकर्ता केंद्र सरकार होश में आओ, महंगाई पर रोक लगाओ, मोदी हाय हाय, मोदी इस्तीफा दो, लोगों को गुमराह करना बंद करो, जैसे नारे लगा रहे थे। इन प्रदर्शनकारियों के साथ ट्रेन में सवार यात्री भी उतरकर बैठ गये और महंगाई के विरोध में नारेबाजी करने लगे। यात्रियों के सहयोग से उत्साहित समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने वहीं पर सभा शुरू कर दी। जिससे उन दोनों रूटों पर आने जाने वाली कई ट्रेने वहीं पर रुक गयीं जिसे खाली कराने को लेकर आरपीएफ से काफी नोंक- झोक भी हुयी।
सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के नेता अभिषेक यादव ने कहा की केंद्र की सत्ता में बैठी मोदी सरकार केवल पूंजीपतियों को फायदा पहुँचाने के लिए उनके हिसाब से नीतियों का निर्धारण कर रही हैं। ये मोदी सरकार महंगाई, भ्रष्टाचार को ख़त्म करने का ढोंग रच कर सत्ता में आई और जब ख़त्म करने की बारी आई तो रेलवे के किराये के साथ डीजल,पट्रोल के दामों में लगातार वृद्धि करती जा रही है जिसके सबसे ज्यादा शिकार गरीब, किसान और नौजवानों हो रहे हैं हम समाजवादी नौजवान हमेशा इनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि आज हम लोगों ने केवल 1 घंटे ट्रेन को रोक कर विरोध दर्ज कराया है यदि इसे वापस नहीं लिया गया तो आगे हम लोग और बड़ा विरोध करेंगे।
ट्रेन को रोकने में प्रमुख रूप से सछास प्रदेश सचिव राघवेन्द्र यादव, योगेश यादव, असित यादव, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, संदीप यादव, धरमु धार्मिक, विकास यादव, अलोक मिश्रा, पियूष पटेल, विनीत सिंह, सुशील यादव, दीपक सिंह, विजय यादव, भूपेंद्र सिंह, गौरव दुबे अशोक यादव, राजेश गोल्डन, सत्यवंत सहित सैकड़ों कार्यकर्त्ता मौजूद थे।


