मोदी सरकार ने पटरी व्यवसाय को डाला संकट में
मोदी सरकार ने पटरी व्यवसाय को डाला संकट में
आगरा, 25 मई 2017, मोदी सरकार के तीन साल कारपोरेट घरानों के हितों को पूरा करने के लिए देश के छोटे मझोले कुटीर उद्योग, खुदरा व्यपार को बर्बाद करने के गवाह बने हैं। पहले खुदरा व्यापार में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) फिर नोटबंदी और अब जीएसटी को लागू कर मोदी सरकार ने पटरी व्यवसायियों के जीवन को संकट में डाल दिया है। देश में लगभग पांच करोड़ लोग पटरी, ठेला, रेहड़ी के जरिए व्यवसाय कर अपनी जीविका चलाते है। सत्ता में आने के पहले भाजपा के लोग खुदरा व्यापार में एफडीआई का विरोध करते थे और सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार ने खुदरा व्यापार में सौ प्रतिशत एफडीआई को लागू किया। नोटबंदी के कारण छोटा मझोला कुटीर उद्योग बर्बाद हो गया इसमें लगे लोगों के सामने आज आजीविका का संकट पैदा हो गया है और इस बहाने शुरू की गया कैशलैस इकनौमी पटरी व्यवसाय को तबाह कर देगी। जीएसटी से बने नए टैक्स नियम भी छोटे व्यवसायियों के लिए खतरनाक है।
यह बातें आज आगरा में पटरी दुकानदार एसोसिएशन के स्थापना सम्मेलन में बतौर मुख्य वक्ता यूपी वर्कर्स फ्रंट के प्रदेश अध्यक्ष दिनकर कपूर ने कहीं।
उन्होंने कहा कि देश के पटरी दुकानदारों की आजीविका व सामाजिक सुरक्षा के संरक्षण के लिए 2014 में केन्द्रीय कानून बना परन्तु मोदी सरकार द्वारा सत्ता में आने के बाद इसे ठण्ड़े बस्तें में डाल दिया। अब सुप्रीम कोर्ट के कड़े रूख के बाद प्रदेशों में इसका अनुपालन कराया जा रहा है। पूर्ववर्ती सरकार द्वारा बनी नियमावली व योजना योगी सरकार ने लागू तो की परन्तु इसमें पटरी, ठेला, सगड़ी व्यावसायियों के सामाजिक सुरक्षा के लिए बीमा, निशुल्क चिकित्सा लाभ जैसे प्रावधान नहीं किए गए है। जबकि भाजपा ने चुनाव पूर्व जारी अपने लोक संकल्प पत्र में यह वायदा किया था कि सरकार बनने के बाद पटरी, रेहड़ी, ठेला दुकानदारों समेत शहरी गरीबों का 2 लाख रू0 का निशुल्क बीमा कराया जायेगा।
सम्मेलन में उपस्थित लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि पटरी दुकानदारों की आजीविका व सामाजिक सुरक्षा के संरक्षण के लिए बने केन्द्रीय कानून को लागू कराने, पटरी दुकानदार का 2 लाख का निशुल्क बीमा कराने व जब तक आगरा में सर्वे न हो जाए तब तक बेदखली पर रोक लगाने जैसे मुद्दों पर बड़ा आंदोलन खड़ा करें।
सम्मेलन की अध्यक्षता पटरी दुकानदार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकन्दी लाल नीलम ने और संचालन सिद्दीक खान ने किया। सम्मेलन को सीपीएम के राज्य कमेटी सदस्य भारत सिंह यादव, पंचशील स्ट्रीट वेन्डर समिति के पुष्पेन्द्र, दलित पैथर के बी एल प्रेमी, सीपीएम जिला सचिव श्रीलाल तोमर, ठेका मजदूर यूनियन के जिला उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह, राजू दत्ता, महेन्द्र, श्याम बिहारी, राजेश गुप्ता, कृष्ण मुरारी आदि ने सम्बोधित किया।


