मोहनलालगंज की घटना की हो सीबीआई जांच-महिला पंचायत
गठित हो महिला फास्ट ट्रैक कोर्ट
लखनऊ 28 जुलाई 2014, मोहनलालगंज में हुई महिला की नृशंस हत्या की सीबीआई से जांच कराने, महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर रोक के लिए प्रदेश में तत्काल महिला फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने, महिला हिंसा पर रोक के लिए एडीजी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस की महिला सुरक्षा टास्क फोर्स गठित करने, माननीय उच्चतम न्यायालय के विशाखा मुकदमे में हुए आदेश के अनुरूप प्रदेश के हर विभाग में महिला रिर्डेसल सेल बनाने और न्यायमूर्ति जे0 एस0 वर्मा कमेटी की संस्तुतियों का प्रदेश में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग पर आज कामकाजी महिलाओं के संगठन अखिल भारतीय महिला पंचायत की तरफ से जीपीओ चैराहा स्थित गांधी प्रतिमा के सम्मुख धरना दिया गया और कैडिंल जलाई गयीं। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय महिला पंचायत की संयोजिका रेनु शुक्ला एवं केन्द्रीय संगठन सचिव शशिकान्ता व केन्द्रीय सचिव अमिता त्रिपाठी के नेतृत्व में हुआ।
कार्यक्रम में बोलते हुए वक्ताओं ने कहा कि फारेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद यह संदेह और बढ़ गया है कि मोहनलालगंज में हुई महिला की नृशंस हत्या में एक से ज्यादा लोग थे इसलिए इसकी सीबीआई से जांच करानी चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि जिस तरह से प्रदेश और देश में महिलाओं हिंसा बढ़ी है और उनके साथ बलात्कार, नृशंस हत्याएं और हमले हो रहे हैं, ऐसी स्थिति में महिलाओं की सुरक्षा के लिए सामाजिक व प्रशासनिक व्यवस्था का निर्माण करना होगा। महिला हिंसा के मामलों की सुनवाई के लिए महिला जज और अधिवक्ता वाली महिला फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाना चाहिए। इसी प्रकार पुलिस विभाग में अपर महानिदेशक पुलिस स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में जिलास्तर तक महिला सुरक्षा टास्क फोर्स का गठन किया जाना चाहिए। वक्ताओं ने माननीय उच्चतम न्यायालय के विशाखा मुकदमे में हुए आदेश के अनुरूप प्रदेश के हर विभाग में आजतक महिला रिर्डेसल सेल न बनने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। यहां तक कि आइसीडीएस जैसे महिलाओं की बहुलता वाले विभाग में भी यह सेल नहीं है। सरकार से इस दिशा में तत्काल कार्रवाही करने की मांग उठाई।
कार्यक्रम को आल इण्डिया पीपुल्स फ्रंट के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व आई. जी. एस. आर. दारापुरी, फील्ड फेडरेशन के संरक्षक अमरनाथ यादव, रामेश्वर पाण्डेय, शशी मिश्रा, बीएस डोलिया, संजीव गुप्ता, कमलेश सिंह एडवोकेट आदि ने सम्बोधित किया।