डीबी लाइव

उत्तर प्रदेश में सत्ता बदलने के बाद से अपराधियों के हौसले बुलन्द हैं। प्रदेश में ना तो कानून राज नजर आ रहा है औऱ ना ही अपराध मुक्त प्रदेश। उत्तर प्रदेश अपराधियों का अभयारण्य बन गया है।

ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर बुलंदशहर जैसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर बदमाशों ने कार से जा रहे एक परिवार को बंधक बनाकर लूटमार की औऱ एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी। कार में मौजूद महिलाओं ने बदमाशों पर बलात्कार का भी आरोप लगाया है।

दरअसल पीड़ित परिवार अपने किसी बीमार रिश्तेदार को देखने के लिए जेवर से बुलंदशहर जा रहा था। तभी रास्ते में बदमाशों ने कार को अपना निशाना बनाया।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसएसपी लव कुमार ने बताया कि जेवर क्षेत्र के सबौता गांव के पास बीती रात एक दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने कार में जा रहे एक परिवार के साथ वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने सड़क पर कीले फैलाकर कार के टायर को पंक्चर किए। इसके बाद जब पीड़ित कार से नीचे उतरे तो बदमाशों ने हमला कर दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार के मुखिया को तीन गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बदमाश पीड़ित परिवार से जेवर और करीब 45 हजार रुपये की रकम लूटकर फरार हो गए। वहीं पीड़ित परिवार की 4 महिलाओं का कहना है कि बदमाशों ने उनके साथ हथियार के बल पर बलात्कार किया है।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार अभी सदमे में है, इसलिए घटना के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।