लखनऊ, 28 मार्च। समाजसेवियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से माँग की है कि पुलिस को माँ-बहन की गालियाँ देने से रोका जाए।

समाजसेवियों ने राजधानी स्थित लक्ष्मण मेला मैदान धरना स्थल पर समाजसेविका और आरटीआई कार्यकर्त्री उर्वशी शर्मा के नेतृत्व में इकट्ठे होकर विगत सरकारों के कुशासन के कारण यूपी के पुलिस थानों में व्याप्त भ्रष्टाचार और अन्य अनियमितताओं के विरोध में धरना देकर प्रदर्शन किया और पुलिस थानों में व्याप्त भ्रष्टाचार/अनियमितताओं का शीघ्र और समयबद्ध निराकरण कराने के लिए सूबे की नवगठित बीजेपी सरकार को 5 सूत्रीय सुझावात्मक मांगपत्र प्रेषित कियाl यह जानकारी एक विज्ञप्ति में दी गई है।

उर्वशी शर्मा ने बताया कि उनकी पहली मांग है कि भारत के संविधान के भाग - 4 अनुच्छेद - 39(क) के नीति निर्देशक तत्व के अंतर्गत प्रत्येक थाने पर निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करने की व्यवस्था की जाए, ताकि पुलिस थानों पर बर्दी के रौब में होने वाले गैर-कानूनी कार्य रुकें।

पूर्ववर्ती सपा सरकार के समय पुलिस थानों पर एफ़.आई.आर. लिखने में भेद-भाव और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उर्वशी ने सपा सरकार के पूरे कार्यकाल में थानों से लौटाए गये सभी पीड़ितों की FIR दर्ज किये जाने और तत्कालीन थानाध्यक्षों के खिलाफ विभागीय और विधिक कार्यवाही किये जाने की मांग उठाई हैl आगे से थानों में आने वाले पीड़ितों के हित सुरक्षित रखने के लिए उर्वशी ने FIR लिखने के लिए पुलिस थानों में प्रेषित प्रार्थना पत्रों का निस्तारण मा. सुप्रीम कोर्ट द्वारा ललिता कुमारी बनाम उत्तर प्रदेश सरकार (2014) 2 एससीसी 1 में दिनांक 12-11-13 को पारित निर्णय और भारत सरकार के गृह मंत्रालय के पत्र संख्या 15011/ 91/ 2013-SC/ST-W के अनुसार करने की माँग की।