यूपी के महाराजगंज में पुलिस की हैवानियत

UP Cops Seen Torturing Boy Inside Police Station Compound

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने का जिम्मा उठा रही राज्य की पुलिस का अमानवीय चेहरा सामने आया है। पुलिस की इस हैवानियत को देख कर आप भी कांप जाएंगे, क्योंकि पुलिस ऐसा बरताव किसी अपराधी के साथ भी नहीं कर सकती, जो एक नाबालिग के साथ इस वीडियो में करती दिख रही है।

यह वीडियो पूर्वांचल के महाराजगंज जिले के एक थाने का है...जहां मुजुरी चौकी पर तैनात बेरहम दारोगा एक नाबालिग को बुरी तरह प्रताड़ीत कर रहे है। महाराजगंज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर का पड़ोसी जिला है।

वीडियो में आप देख सकते हैं कि पुलिस नाबालिग को बंधक बनाकर उसके पैरों पर लकड़ी रख चल रही है। साथ ही गाली गलौच करते हुए उसे डंडे से पीट रही है। वहीं आऱोपी नाबालिग इन पुलिस कर्मियों से छोड़ देने की लाख बार मिन्नतें भी करता दिख रहा है।

जानकारी के मुताबिक इस वायरल वीडियो में जिस दारोगा की हैवानियत सामने आ रही है, उसका नाम के एन शाही बताया जा रहा है। यह घटना सितंबर की बताई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह वीडियो किसने रिकॉर्ड किया है, लेकिन घटना के बाद सब इंस्पेक्टर केएन शाही को निलंबित कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि गांव की ही एक महिला ने उस नाबालिग पर चोरी का आरोप लगाया था और उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराया थी, जिसके बाद पूछताछ के लिए उसे पुलिस स्टेशन लाया गया था...जहां पुलिस ने उसके साथ हैवानियत की...