लखनऊ 16 मई 2017। रिहाई मंच ने फैजाबाद के बीकापुर के भदेसर खजुरहट गांव में सवर्णों द्वारा जसकरन यादव के घर को जलाने और अतिक्रमण के नाम पर मुस्लिम बस्ती पर पुलिसिया हमले की कड़ी भर्त्सना की है।

रिहाई मंच अध्यक्ष मुहम्मद शुऐब ने कहा कि पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वी यूपी तक सवर्णों के एक जाति विशेष द्वारा लगातार हिंसक हमलों को योगी सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त है। सहारनपुर के बाद फैजाबाद के बीकापुर के भदेसर खजुरहट गांव में जसकरन यादव के घर को ठाकुर जाति के लोगों द्वारा दिन दहाडे़ जला देने की घटना ने साफ कर दिया है कि ये लोग यूपी को श्मशान में तब्दील करने पर आमादा हैं।

उन्होंने कहा कि बीकापुर के शाहगंज के लोगों ने रिहाई मंच से संपर्क कर बताया है कि उनकी बाजार में अतिक्रमण हटाने के नाम पर मुस्लिमों के घरों में घुस-घुसकर पुलिस प्रशासन द्वारा तोड़-फोड़ की गई है।

रिहाई मंच प्रवक्ता अनिल यादव ने बताया कि मंच पूर्वी यूपी में हो रही जातीय और सांप्रदायिक घटना स्थलों का दौरा करेगा।