शुद्ध खानपान के साथ मिलेगा अब स्वस्थ साहित्य भी
- राजकमल प्रकाशन और सन एग्रीफेश की एक नई पहल
-त्योहारों पर दें अपनों को करें किताबें भेंट और पाएं उपहार
नई दिल्ली। सुपर बाजार यानी एक छत के नीचे सिमटा पूरा बाजार। रसोई के नमक-तेल से लेकर साबुन-सर्फ समेत घरगृहस्थी का तकरीबन सारा साजोसामान हमें अब एक छत के नीचे ही बड़े आराम से मिल जाता है। घर परिवार की जरूरतें पूरी करने के बाद इन्सान अपने दिलोदिमाग को सुकून देने या फिर कुछ नया जानने की चाह में किताबों की ओर रूख करता है और इसके लिए उसे इधर-उधर भटकना पड़ता है।
काश, घर के सामान के साथसाथ साहित्य, इतिहास, रोमांच और रोमांस से भरपूर किताबें उसे डिपार्टमेंटल स्टोर में ही मिल जातीं तो कितना अच्छा होता। पुस्तक प्रेमियों की इसी सोच को साकार करने को बीड़ा उठाया है राजकमल प्रकाशन ने।
राजकमल प्रकाशन ने खाने पीने के जैविक उत्पादों के नामचीन ब्रांड सन एग्रीफ्रेश के साथ मिलकर उनके डिपार्टमेंटल स्टोर्स में अपनी पाठकप्रिय किताबों की बडी रेंज को शामिल करने का फैसला किया है। यानी अब खानेपीने की शु़द्ध चीजों के साथ मिलेगा आपको स्वस्थ साहित्य।
राजकमल प्रकाशन प्राइवेट लिमिटेड के ब्रांड एंड मार्केटिंग विभाग के निदेशक अलिंद महेश्वरी ने बताया कि साहित्य की दुनिया में यह अपने आप में एक नया प्रयोग है। उन्होंने बताया कि सन एग्रीफ्रेश के 10 स्टोर्स में राजकमल प्रकाशन समूह की पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें पूर्वी दिल्ली में विवेक विहार, मयूर विहार फेज़ 2 और यमुना विहार, दक्षिणी दिल्ली के सफदरगंज एन्क्लेव, हेमकुंट ग्रेटर कैलाश 1 सहित ईस्ट आफ कैलाश, जनकपुरी, सरस्वती विहार स्थित सन एग्रीफ्रेश के सुपर बाजार में हमारे बुकशेल्फ लगाए जा रहे हैं।
पाठक वर्ग के सवाल पर अलिंद ने बताया कि राजकमल प्रकाशन समूह के बुकशेल्फ में हर आयु वर्ग के लोगों की रूचियों का ध्यान रखा गया है। यानी यहां हर किसी की रूचि और मतलब की किताबें होंगी। क्योंकि हमारी रेंज बडी है। ज्ञान, मनोरंजन और जीवन के लिए उपयोगी हर किस्म की किताबें पुस्तक प्रेमियों को हमारे शेल्फ में मिलेंगी। इनमें मुंशी प्रेमचंद, बाबा नागार्जुन, राही मासूम रजा, मनोहर श्याम जोशी से लेकर गुलजार, जावेद अख्तर, काशीनाथ सिंह, राजेश जोशी समेत तमाम बडेबडे नामों की रचनाएं शामिल होंगी।
अलिंद आगे बताते हैं कि जिस तरह डिपार्टमेंटल स्टोर में अन्य वस्तुओं की खरीद पर विशेष छूट दी जाती है उसी तरह यहां से किताबें खरीदने पर भी साहित्य प्रेमियों को विशेष छूट दी जाएगी। और हां, अब हमारा त्योहारी सीजन शुरू हो रहा है ऐसे में त्योहारों पर अपनों को पुस्तकों का अनमोल ताहफा दें और विशेष छूट का लाभ उठाएं।
सन एग्रीफेश इन्डस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नीलेश सिंह इसे एक अनूठी शुरुआत बताते हैं। उन्होंने बताया कि घर के साथ समाज के स्वस्थ माहौल के लिए शुद्ध खानपान की जरुरत तो होती ही है साथ में अच्छा साहित्य समाज के उचित विकास में बहुत अहम होता है। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने राजकमल प्रकाशन समूह के साथ मिलकर यह कदम उठाया है। निश्चित ही इसके अच्छे नतीजे मिलेंगे।
सन एग्रीफेश इन्डस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के सीनियर सेल्स एवं मार्किटिंग मैनेजर दीपक वर्मा ने बताया कि डिपार्टमेंटल स्टोर्स में पुस्तकों को, खासकर अच्छे साहित्य को जगह देना डिपार्टमेंटल स्टोर्स की दुनिया में यह पहला कदम है। उन्होंने बताया कि रोजमर्रा की जरूरतों में किताबों की बडी ही अहमियत है।
दीपक बताते हैं कि ग्राहकों की जरूरतों पर रिसर्च करने के दौरान उन्होंने पाया कि कुछ लोगों ने सर्वे के दौरान रोजमर्रा में जरूरत की चीजों में किताबों को भी शामिल किया था। इसी बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने राजकमल प्रकाशन के साथ अपने स्टोर्स में किताबों को शामिल करने का एक करार किया है। शुरूआत में हमने 10 स्टोर्स को शामिल किया है। जल्द ही हम पूरी दिल्ली में फैले अन्य 70 स्टोर्स को भी इस योजना से जोडेंगे।
साहित्य को जन-जन तक पहुंचाने की राजकमल ने एक नई और अनूठी कोशिश की है। साहित्य प्रेमियों को भी अब किताबों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पडेगा। किताबों से दूर होते पाठकों का राग अलापने वालों के लिए राजकमल की यह पहल कितना रंग लाती है यह तो समय ही बताएगा।