राजनाथ की मौजूदगी में श्रीश्री बोले-पाकिस्तान जिंदाबाद !
राजनाथ की मौजूदगी में श्रीश्री बोले-पाकिस्तान जिंदाबाद !
ऐसे लोगों के चेहरों से नकली देशभक्ति के नकाब को भी खींचना बहुत जरूरी हो गया है।
महेंद्र मिश्र
जेएनयू में पाकिस्तान जिंदाबाद के झूठे नारे पर पूरे देश में हंगामा हो गया। राजस्थान के एक गांव में पाक झंडा फहराने की फर्जी खबर मुल्क में सनसनी का कारण बन जाती है। और अब जब सच में बीच दिल्ली में यमुना के किनारे प्रधानमंत्री के हिस्सेदारी वाले कार्यक्रम में सरेआम पाक का झंडा फहराया गया है तो भक्तों की राष्ट्रभक्ति छुट्टी पर चली गई है। कहीं से ना कोई आवाज, ना कोई फतवा। सब कुछ सामान्य। जैसे कहीं कोई बात ही ना हुई हो।
अंदाजा लगाइये अगर यही घटना किसी विपक्षी के आयोजन में होती तो अब तक क्या हालात होते। पाक को क्रिकेट खेलने का न्योता बीजेपी सरकार ने दिया है। अगर कल इसकी जगह कोई दूसरी सरकार होती तो अब तक उसे पाकिस्तान परस्ती के तमगे से नवाजने से लेकर उसके नेताओं को पाकिस्तान भेजने के फरमान और फतवे जारी होने शुरू हो जाते।
संघ-बीजेपी की देशभक्ति के बारे में सबको पता है कि समय के हिसाब से उसका रंग बदलता रहता है। लेकिन यह मौका उसके अंधभक्तों को दो मिनट ठहरकर सोचने का जरूर है। आखिर में दोनों देशों की जनता की आपस में क्या दुश्मनी हो सकती है ? दोनों अपने देश की सरकारों की मारी हैं। गरीबी, बीमारी, भूख, बेकारी इनकी सबसे बड़ी दुश्मन हैं। जब शासक इनसे लड़ नहीं पा रहे हैं तो वो दोनों मुल्कों की जनता को लड़ाकर अपना-अपना उल्लू सीधा कर लेना चाहते हैं।
खुद हमारे प्रधानमंत्री नवाज साहब के यहां बिरयानी खाते हैं लेकिन अगर दूसरे किसी शख्स की जबान पर पाकिस्तान का नाम भी आ जाए तो उसकी खैर नहीं। इनका बस चले तो लौटती लाहौर बस से उसका टिकट काट दें। इस दोहरेपन को समझने की जरूरत है। और ऐसे लोगों के चेहरों से नकली देशभक्ति के नकाब को भी खींचना बहुत जरूरी हो गया है।
अमर उजाला की ख़बर पढ़ें –
राजनाथ की मौजूदगी में श्रीश्री बोले 'जय हिंद, पाकिस्तान जिंदाबाद'
टीम डिजिटल/अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated 15:16 रविवार, 13 मार्च 2016
दिल्ली में चल रहे अध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर के धार्मिक आयोजन में शनिवार को एक अजीब नजारा देखने को मिला। मंच पर मौजूद थे गृहमंत्री राजनाथ सिंह और उनके सामने ही श्रीश्री रविशंकर ने जय हिंद और पाकिस्तान जिंदाबाद का उद्घोष किया। एक बार को हर कोई हैरत में पड़ गया लेकिन जल्द ही श्रीश्री ने मंशा स्पष्ट करते हुए कहा कि जय हिंद और पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा एक साथ क्यों नहीं लग सकता।
श्रीश्री तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन मंच पर साधकों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान दुनियाभर के हजारों धार्मिक नेता कार्यक्रम में जुटे, इनमें पाकिस्तान के मुफ्ती मुहम्मद सईद खान भी मौजूद रहे जिन्होंने सहिष्णुता के महत्व पर प्रकाश डाला।
इसी दौरान मंच पर बैठे श्रीश्री ने कहा पाकिस्तान खुद आतंकवाद से जूझ रहा है ऐसे में अगर दोनों देश एक साथ आ जाएं तो काफी तरक्की कर सकते हैं। जय हिंद और पाकिस्तान जिंदाबाद भी एक साथ आ सकते हैं। यह दोनों पक्षों के लिए एक जिताने वाली स्थिति हो सकती है। हमें हमेशा आगे बढ़ने और दूसरे को आगे बढ़ते देखने पर यकीन करना चाहिए।
http://www.amarujala.com/india-news/sri-says-jai-hind-pakistan-jindabad


