रामपुर में अखिलेश यादव के साथ रहे पूर्व विधायक आबिद रजा, बदायूँ की राजनीति में प्याली में तूफान
रामपुर में अखिलेश यादव के साथ रहे पूर्व विधायक आबिद रजा, बदायूँ की राजनीति में प्याली में तूफान

बदायूँ, 12 मार्च 2021. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में साइकिल रैली की शुरुआत आज रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी रामपुर के गेट से की।
खबर सिर्फ इतनी नहीं है। एक तरफ जहां इस साइकिल रैली में अखिलेश यादव ने जौहर यूनिवर्सिटी से अंबेडकर पार्क तक साइकिल चलाकर यह संदेश दिया वह जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे, वहीं उनके कुछ वायरल चित्रों से बदायूँ की राजनीति में प्याली में तूफान उठ गया।
जी हां, दरअसल बदायूं के पूर्व विधायक आबिद रजा, जो पूर्व सपा सांसद धर्मेंद्र यादव के धुर विरोधी समझे जाते हैं, को भी अखिलेश यादव के साथ चित्रों में रामपुर में देखा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर में अखिलेश यादव सबसे पहले सांसद आजम खान के परिवार से मिलने आजम खान के आवास पर पहुंचे वहां उनके साथ पूर्व मंत्री आबिद रजा भी मौजूद रहे। आजम खान व उनके परिवार से आबिद रजा की नजदीकियां जगजाहिर हैं।
यहां यह भी बता दें अखिलेश यादव का रामपुर में 50 दिन में यह दूसरा कार्यक्रम है, दोनों कार्यक्रम में आबिद रजा की अहम भूमिका रही है, यह सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
अब देखना होगा, आज के घटनाक्रम का बदायूँ मेें सपा की राजनीति पर क्या असर होगा ? बदायूँ सदर से कितने सपा के टिकटार्थी सपा छोड़ेंगे?


