डीबी लाइव

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने एक बयान को लेकर फंसते नज़र आ रहे है। रिश्वत वाली टिप्पणी को लेकर चुनाव आयोग ने उनसे जवाब तलब किया है। समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो को सोमवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

दरअसल सोमवार को भदोही में अखिलेश यादव ने मतदाताओं से कथित तौर पर कहा था कि धन किसी और से लीजिए, लेकिन वोट साइकिल को दीजिए। आयोग ने उन्हें पहली नजर में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाते हुए कहा कि सात मार्च यानि आज शाम तक बताएं कि क्यों नहीं उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए?

अखिलेश ने कहा था, ‘मैंने सुना है कि मतदाताओं को पैसे दिया जा रहा है। मेरी आपको सलाह है कि रुपये रख लीजिए और साइकिल पर वोट डालिए।’

आयोग ने उन्हें बताया कि मतदाताओं को रिश्वत देना और रिश्वत लेने के लिए उकसाना दंडनीय अपराध है।

तो अखिलेश यादव को चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है और आज शाम तक उनका जवाब मांगा है। वैसे आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने जिस तरह का बयान दिया है उनसे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर भी ऐसा बयान दे चुके हैं।