लोकसभा चुनाव में बसपा कहीं भी लड़ाई में नहीं है- मुलायम सिंह यादव
मेरठ, 7 अप्रैल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोलते हुये कहा है कि कांग्रेस को पता चल गया है कि लोकसभा चुनाव में उसकी करारी हार होने जा रही है इसलिये उसने हथियार डाल दिये हैं। ऐसा ही कुछ हाल भारतीय जनता पार्टी का भी है। भाजपा को भी उम्मीदवार ढूँढे नहीं मिल रहे हैं। इसीलिये वह भी दूसरी पार्टियों के लोगों को अपने पाले में लाकर टिकट दे रही है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा को बहुमत नहीं मिलेगा। केन्द्र में अगली सरकार तीसरे मोर्चे की बनेगी। जिसमें सपा की अहम भूमिका होगी।
सपा उम्मीदवार शाहिद मंजूर के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुये मुलायम सिंह यादव ने कहा कि मेरठ क्रांतिकारियों की भूमि है। यहाँ से 1857 में स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत हुयी थी। इस लोकसभा चुनाव में भी मेरठ से समाजवादी पार्टी के पक्ष में एक नई शुरुआत होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सपा के उम्मीदवारों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में जिताकर लोकसभा में भेजें। जिससे कि केन्द्र में बनने वाली तीसरे मोर्चे की सरकार में प्रधानमंत्री का पद उत्तर प्रदेश को मिल सके।
सपा प्रमुख ने कहा कि तीसरे मोर्चे की दो बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों में शामिल हुये नेताओं के बीच लंबी बातचीत के बाद तय हुआ है कि तीसरे मोर्चे में शामिल जिस दल के पास लोकसभा की सबसे ज्यादा सीटें होंगी, उसका नेता प्रधानमंत्री बनेगा। उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सबसे ज्यादा 80 सीटें हैं। इसलिये सपा तीसरे मोर्चे का सबसे बड़ा दल बन सकती है। उन्होंने कहा कि वैसे तो सपा पूरे देश में 155 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, लेकिन सबसे ज्यादा दारोमदार उत्तर प्रदेश पर है।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस को चुनाव लड़ाने के लिये उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। कांग्रेस में भगदड़ मची हुयी है। लोग कांग्रेस छोड़कर भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी कुछ दिनों कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता से हमारी बातचीत हुयी तो उनका कहना था कि कांग्रेस के बड़े नेताओं को समझ में नहीं आ रहा है कि क्या किया जाए। कांग्रेस में निराशा का माहौल है। उसके नेता हताश हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जैसा कांग्रेस का हाल है, ऐसा ही कुछ हाल भाजपा का भी है। भाजपा को भी चुनाव लड़ाने के लिये उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। इसलिये वह भी दूसरे दलों के लोगों को अपने पाले में लाकर टिकट दे रही है। भाजपा के कई बड़े नेताओं को हार का डर सता रहा है।
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के लोग झूठा प्रचार कर रहे हैं कि देश में भाजपा की लहर है। देश में कहीं भी भाजपा की लहर नहीं है। भाजपा की लहर सिर्फ मीडिया में है। भाजपा अपने प्रचार के लिये विदेशी कंपनियों की सेवाएं ले रही है और पानी की तरह पैसा बहा रही है। एक तरफ भाजपा जहां अपना चुनाव पैसों और मीडिया के दम पर लड़ रही है वहीं दूसरी तरफ सपा अपने कार्यकर्ताओं के बलबूते चुनाव लड़ रही है। सपा अपने कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का पूरा ख्याल रखती है, उनके सुख-दुख में हमेशा साथ रहती है। इसीलिये सपा के कार्यकर्ता पार्टी के लिये हमेशा खून-पसीना बहाने को तैयार रहते हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी पार्टी अकेले ही उत्तर प्रदेश में भाजपा को रोक देगी। नरेंद्र मोदी का प्रधानमंत्री बनने का सपना पूरा नहीं होगा। समाजवादी पार्टी भाजपा की हवा निकाल देगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पूर्व से लेकर पश्चिम और उत्तर से लेकर दक्षिण तक समाजवादी पार्टी बहुत मजबूत स्थिति में है। सपा के लोगों ने अगर अपने वोटरों को पोलिंग बूथ तक पहुंचाकर वोट डलवा दिये तो सपा इतनी सीटें जीतेगी जिसकी कि लोगों ने कल्पना तक नहीं की होगी।
श्री यादव ने कहा कि सेक्युलर वोटों का बंटवारा करके समाजवादी पार्टी को कमजोर करने के लिये झूठा प्रचार किया जा रहा है कि मुसलमान हमसे नाराज हैं। हम बताना चाहते हैं कि मुसलमान हमसे कभी नाराज नहीं हो सकता। मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर और सहारनपुर में हुयी हमारी रैलियों में बड़ी तादाद में मुसलमान भाई आए थे। अखिलेश (उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव) की रैलियों में भी मुसलमान बड़ी संख्या में आए थे। हमारे दिल में मुसलमानों के लिये विशेष जगह है। देश में रहने वाले हिन्दू और मुसलमान बड़े भाई और छोटे भाई की तरह हैं। अगर हिन्दू और मुसलमान एक साथ रहेंगे तभी देश तरक्की की राह पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सपा केन्द्र की सत्ता में आने पर मुसलमानों की भलाई के लिये सच्चर कमेटी की सिफारिशों को लागू करेगी।
मुजफ्फरनगर दंगों को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुये उन्होंने कहा कि दंगे नहीं होने चाहिए थे। दंगों में हुये जान-माल के नुकसान का हमें बहुत दुख है। समाजवादी पार्टी की सरकार ने दंगा पीड़ितों की आर्थिक मदद करने के साथ ही पीड़ित परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी। समाजवादी पार्टी के लिये इंसानियत सबसे ऊपर है। हम न्याय और विकास के लिये लड़ेंगे। सपा प्रमुख ने कहा कि हमने पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में जनता से वादा किया है कि सपा केन्द्र की सत्ता में आई तो संपूर्ण पढ़ाई और सभी बीमारियों का इलाज मुफ्त होगा। देश की तरक्की के लिये यह जरूरी है कि हर नागरिक शिक्षित और स्वस्थ हो।
सपा नेता ने बहुजन समाज पार्टी पर निशाना साधते हुये कहा कि लोकसभा चुनाव में बसपा कहीं भी लड़ाई में नहीं है। बसपा के शासन में उत्तर प्रदेश तबाह और बर्बाद हो गया। विकास कार्यों पर खर्च होने वाले सरकारी धन की जमकर बंदरबाँट हुयी। बसपा प्रमुख ने जीते जी अपनी मूर्तियां लगवा दीं। लोकतंत्र में तानाशाही और अहंकार ज्यादा लंबे समय तक नहीं चलता है।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क