24 दिसम्बर - एम. शकील के स्मृति दिवस के अवसर पर

शकील सिद्दीक़ी

स्वतंत्रता संग्राम के अनेकानेक निर्भीक सेनानियों, बेलौस सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा जनपक्षधर चिन्तकों, शब्द शिल्पियों के समान ही विलक्षण संघर्षशील शख़्सियत जिनमें यह सारी विशिष्टताएं समाई हुई थी, एम. शकील को भी भुला दिया गया। उनको भुला देने का मतलब सेवा, संघर्ष एवं त्याग की गौरवपूर्ण परम्परा को विस्मृति में धकेल देना है। चौपटियां के झंवाईटोले मुहल्ले में प्रतिष्ठित हकीम परिवार में 21 जुलाई 1927 को जन्मे एम. शकील यूनानी चिकित्सा, उसके शिक्षण-प्रशिक्षण के उपमहादीपीय संस्थान तकमीलुततिब कालेज के संस्थापक हकीम अब्दुल अज़ीज़ के पौत्र थे। नख़ास से चौपटियां - सराय माली ख़ा जाने वाली सड़क पर अकबरी गेट ढाल के निकट बायीं ओर स्थापित नगर निगम का हकीम अब्दुल अज़ीज़ रोड अंकित पत्थर पर बहुत लोगों की दृष्टि अवश्य पड़ी होगी। इस पत्थर के निकट ही चावल वाली गली के मोड़ पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एम. शकील मार्ग (Freedom Fighter M. Shakeel Marg) का पत्थर भी स्थापित है, जो उनकी योग्य सुपुत्री की कोशिशों का नतीजा है।

शकील स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के साथ ही लखनऊ नगर पालिका के प्रथम सदन (1960) के पार्षद तथा कार्यकारिणी के सदस्य भी थे। लखनऊ पश्चिम विधान सभा क्षेत्र से वह कांग्रेस के विधायक (1974) भी रहे। आकर्षक व्यक्तित्व तथा बहुमुखी प्रतिभा के धनी एम. शकील ने हकीमी के ख़ानदानी पेशे से अलग राह इख़्तियार करते हुए औपनिवेशिक गुलामी से देश की आज़ादी, जनसेवा तथा मज़दूरों, दूसरे मेहनतकश वर्गों के अधिकारों की रक्षा व सामाजिक समानता के संघर्षों के लिए अपने को समर्पित कर दिया। जिन दिनों समाज के उच्च वर्ग से निम्न मध्य वर्ग तक के लोग आज़ादी की आकांक्षा रखते हुए भी सुरक्षित व निरापद जीवन की तिकड़मों में व्यस्त थे, उन्हीं दिनों शकील गुलामी, असमानता, शोषण व दमन के विरुद्ध जुझारू लड़ाइयां लड़ते हुए कुछ भी हार जाने के बलिदानी इरादों से बंधे हुए थे। उन्हें आज़ादी से पहले और बाद में भी अपनी संघर्षशीलता के कारण कई बार कारावास की यातना बर्दाश्त करनी पड़ी। डॉ. राम विलास शर्मा के समकालीन उर्दू आलोचक प्रो मुम्ताज़ हुसैन के कथन पर विश्वास करें तो वह कम से कम पन्द्रह बार गिरफ़्तार हुए। शकील के बारे में लिखते हुए उन्होंने यह भी दर्ज किया है कि वह शहर की कितनी मज़दूर यूनियनों के पदाधिकारी थे, बता पाना मुश्किल है।

आज़ादी की जंग में वह ठीक से युवा होने से पहले ही मात्र चौदह बरस के कमसिन में ही कूद पड़े थे। पच्चीस वर्ष की आयु में 1941 में विप्लवी गतिविधियों के कारण उन्हें जेल जाना पड़ा। 21 दिन बाद वह रिहा तो हो गये परन्तु जल्दी शहीद भगत सिंह के पूर्व सहयोगी क्रांतिकारी कामरेड शिव वर्मा व अन्य के साथ उन्हें पुनः जेल में डाल दिया गया। देश को आज़ाद हुए दो वर्ष ही बीते थे कि आज़ादी के लिए बहुत कुछ हार जाने वाले इस सेनानी को 1949 में रेल कर्मचारियों की प्रचण्ड हड़ताल में सक्रिय भूमिका के कारण कथाकार, चिकित्सक रंगकर्मी डा. रशीद जहाँ, कम्युनिस्ट नेता हाजरा बेगम तथा अन्य नेताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। जहाँ इन लोगों ने राजनैतिक बन्दियों को मिलने वाली सुविधाओं को स्वीकार करने से मना करते हुए दूसरे बन्दियों के साथ जेल प्रशासन द्वारा किये जाने वाले दुर्व्यवहार के ख़िलाफ़ लम्बी भूख हड़ताल कर दी। जिसके फलस्वरूप रशीद जहाँ का कैंसर का रोग बिगड़ और थोड़े अन्तराल उपरान्त जुलाई 1954 में मास्को में इलाज के दौरान उनका दुखद निधन हो गया। वह वहीं दफ़न हुईं।

शकील की वैचारिक प्रतिबद्धता का अनुमान इससे लग सकता है कि उन्होंने अपना सियासी सफ़र क्रांतिकारी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपीआई) से आरंभ किया। बाद में वह प्रजा सोशलिस्ट पार्टी में शामिल हो गये। 1957 के चुनाव में लखनऊ पूर्व से तत्कालीन मुख्यमंत्री सीबी गुप्ता के ख़िलाफ़ उन्होंने त्रिलोकी सिंह को विजयी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। अनेक प्रसिद्ध कम्युनिस्ट नेताओं के साथ ही उन्हें जय प्रकाश नारायण व राम मनोहर लोहिया जैसे शिखर समाजवादी नेताओं के साथ अनेक प्रसिद्ध लेखकों जैसे कि सज्जाद ज़हीर, डॉ. अब्दुल अलीम, मजाज, व सिब्ते हसन का सान्निध्य भी प्राप्त हुआ। दुर्लभ सान्निध्य ने उनकी जीवटता में नये पंख लगाए। इन तमाम व्यस्तताओं के कारण वह आय का कोई निश्चित स्रोत नहीं बना पाए। जबकि उनके कंधों पर पारिवारिक ज़िम्मेदारियां भी आ चुकी थीं। वह जीवट तथा दृढ़ संकल्पी व्यक्ति थे। ऐसे कठिन समय में भी वह वंचित वर्गों के पक्ष में निरन्तर संघर्ष तथा जन सुविधाओं के लिए निरंतर संघर्ष से विमुख नहीं हुए। जिस सियासी पार्टी ने उन्हें जेल में डाला था उसी पार्टी के श्रम संघ (मज़दूर संगठन) इंटक के वह कार्यकर्ता बन गये। व्यापक सहमति से उन्हें भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के श्रमिक संगठन का अध्यक्ष मनोनीत किया गया जिससे वह अन्तिम समय तक जुड़े रहे। विक्रम काटन मिल, रिक्शा तांगा यूनियन, कृषि कामगार यूनियन तथा मेडिकल कालेज वार्ड ब्वाय संघ के भी वह प्रमुख पदाधिकारी रहे।

कम्युनिस्टों, समाजवादियों तथा गांधीवादियों के समान उन्होंने भी आजीवन पैदल चलने को प्राथमिकता दी। कोई भी मौसम हो शकील साहब को मेडिकल कालेज से तालकटोरा जाने वाली सड़क पर किसी भी समय सफ़ेद कुर्ते पायजामे में, सर्दियों में सदरी के साथ पान की पीक से होंठ लाल किये पैदल चलते देखा जा सकता था। इसी दरवेशाना शान से वह अपने बाबा के नाम वाली सड़क पर भी चला करते थे, जिसके एक मकान की बैठकी में उनके मौसा हसन असकरी साहब से कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की भेंट हुई थी। यही वह समय भी था जब उनकी पत्नी श्रीमती अख़्तर बेगम कश्मीरी मोहल्ला गर्ल्स कॉलेज के प्रधानाचार्या के पद पर रहते हुए स्कूल का नाम रौशन कर रही थीं। उनकी तीन बेटियां उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर थीं। हिन्दी की सुपरिचित पत्रकार सीमा जावेद उनकी सबसे छोटी पुत्री हैं। बड़ी बेटी अमरीका में हैं जबकि मॅझली पुत्री प्रतिष्ठित चिकित्सक हैं।

जीवन की इसी गहमागहमी तथा नई आती चुनौतियों के बीच उन्होंने 1976 में भारतीय खाद्य निगम में ठेके पर मज़दूर रखने की अन्यायपूर्ण प्रथा के विरुद्ध लम्बे संघर्ष का बिगुल फूँक दिया। मज़दूर ठेका प्रथा के अभिशाप से मुक्त हुए। निश्चय ही यह जीत शकील साहब के जीवन की बड़ी उपलब्ध्धि थी। दूसरे उद्योगों - संस्थानों के मज़दूर व कर्मचारी अपनी समस्याओं के सम्बन्ध में उनसे सम्पर्क करने लगे। अन्ततः उन्हें लेबर कोर्ट की वकालत के क्षेत्र में उतरना पड़ा। प्रखर तर्क शक्ति तथा भाषा पर मज़बूत पकड़ के कारण लेबर कोर्ट के कामयाब वकील के रूप में उनकी प्रतिष्ठा बढ़ने लगी। मार्क्सवाद का विधिवत अध्ययन न होने के बावजूद वह वर्ग विभाजित समाज में वर्गीय हितों के टकरावों की बारीकियों तथा शोषक तबक़े के हथकंडों से भलीभाँति परिचित थे।

इस तथ्य से बहुत लोग चकित हो सकते हैं कि चौतरफ़़ा भागदौड़ के बावजूद उनका लेखक तथा कल्चरल ऐक्टिविस्ट अभिन्न रूप से उनसे सम्बद्ध रहा। प्रगतिशील लेखक संघ की गतिविधियों से उनकी संलग्नता ने जहाँ इनकी समाजोन्मुखी लेखकीय-दृष्टि को प्रखर किया वहीं उन्हें भारतीय नाट्य संघ के निकट भी ले गयी। चौथे दशक में इप्टा की स्थापना के समय मुंशी प्रेमचन्द की कहानी ‘कफन; के नाट्य रूपान्तर, जिसे डॉ. रशीद जहाँ ने संभव बनाया था तथा जिसका मंचन गंगा प्रसाद हाल में हुआ, एम. शकील ने शराबी भीखू की भूमिका अभिनीत की। रशीद जहाँ के रेडियो नाटकों में भी वह प्रमुख पात्र के रूप में मौजूद रहते। संवाद अदा करने का उनका तरीक़ा काफ़ी सराहा जाता। रंगकर्मी के अतिरिक्त कथाकार के रूप में भी उन्होंने निश्चित पहचान बनाई। उनके कहानी संग्रह की भूमिका सुप्रसिद्ध आलोचक एहतेशाम हुसैन साहब ने लिखी थी। उन्होंने चार उपन्यास भी लिखे जो उनकी प्रगतिशील, आधुनिक सोच का आइना है। आशनाई, गिरती दीवारें, एतबार और किरण फूटती है के कथ्य सामाजिक यथार्थ के धागों से ही बुने गये हैं। यह सभी उपन्यास लखनऊ में उस दौर के प्रतिष्ठित प्रकाशक ‘किताबी दुनिया’ ने प्रकाशित किये। उस दौर के प्रचलन से अधिक क़ीमत रखे जाने के बावजूद उनके उपन्यास खूब बिके। ग़ज़ब यह कि उन्होंने शायरी में भी हाथ आज़माया। एक उपन्यास के आरंभ में दर्ज यह मशहूर शेर उनकी संघर्षोन्मुखी सोच का ही बिम्ब है -

ऐ मौजे बला उनको भी ज़रा दो चार थपेड़े हल्के से

कुछ लोग अभी तक साहिल से तूफ़ान का नज़ारा करते हैं।।

इस धारणा से वह मज़बूती से बंधे हुए थे कि ‘‘अदीब का फ़र्ज़ ज़िन्दगी की तर्जुमानी करना ही नहीं, बल्कि रहनुमाई करना भी है। अदब सिर्फ़ तफ़रीह का ज़रिया ही नहीं, बल्कि हक़ीक़त का अलमबरदार भी है।’’

क़रीने से शिक्षित तथा बड़े घराने से सम्बन्धित होने के बावजूद उन्होंने अपने लिए पाने का नहीं खोने का रास्ता चुना था। वह दौर अब सामूहिक स्मृति में धुंधला गया है जब लखनऊ के प्रत्येक जनान्दोलन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहते थे। प्रभावशाली व जोशीले भाषण की दक्षता के कारण भी आन्दोलनों में उनकी ज़रूरत को अनिवार्य बना दिया था। चार दशक पूर्व मेरी उनसे पहली भेंट कम्युनिस्ट पार्टी कार्यालय (कैसरबाग) में शहर के मज़दूर संगठनों की एक संयुक्त आपातकालीन बैठक में हुई थी। उन दिनों मैं हिन्दुस्तान एरोनाटिक्स इम्पलाईज़ एसोसिएशन का अध्यक्ष हुआ करता था। वे दिन भी यादों से कहीं दूर चले गये हैं। जब चुनावों के समय लखनऊ के अमीनाबाद व चौक में छज्जों पर माइक लगाकर तक़रीरों के मुक़ाबले हुआ करते थे। प्रत्येक पार्टी का समय निर्धारित होता था। एम. शकील उन मुक़ाबलों के सर्वाधिक लोकप्रिय वक्ता के रूप में समादृत होते। निर्धारित समय से पहले ही लोग प्रसारण केन्द्र के सम्मुख उनका भाषण सुनने से जमा होने लगते। इनमें साधारण जन के अतिरिक्त शिक्षित वर्ग के लोग भी ख़ासी संख्या में मौजूद रहते। जैसे पत्रकार, लेखक, वकील, शिक्षक और छात्र। वक्ताओं की बात छोड़िये उन श्रोताओं में आज अनेक प्रबुद्धजन बड़ी हैसियत के लोग बन चुके हैं। नाम गिनाने के मोह से बच रहा हूँ।

इतनी सारी विशिष्टताओं के धनी एम. शकील बहुमूल्य ही नहीं बिरले भी थे। ऐतिहासिक नगरी लखनऊ की वह महत्वपूर्ण उपलब्धि थे। उन्हें विस्मृत कर पाना इतना आसान भी नहीं।

(शकील सिद्दीक़ी जाने माने तरकी पसंद लेखक हैं)