व्यक्ति बड़ा नहीं बल्कि संगठन व पार्टी बड़ी होती है-चौटाला
व्यक्ति बड़ा नहीं बल्कि संगठन व पार्टी बड़ी होती है-चौटाला
कमलजीत अविनाशी
चंडीगढ़। वरिष्ठ इनेलो नेता ऐलनाबाद के विधायक चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कोई भी व्यक्ति बड़ा नहीं होता बल्कि संगठन व पार्टी बड़ी होती है। इनेलो प्रत्याशी के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब इस बात को प्रमाणित करता है कि यहां से इनेलो रिकॉर्ड मतों से विजयी होगी।
श्री चोटाला शुक्रवार को बिलासपुर में नीलकंठ पैलेस में सढ़ौरा की इनेलो प्रत्याशी पिंकी छप्पर के समर्थन में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पिछले दस साल के शासन के दौरान इस इलाके की जो अनदेखी हुई है वह किसी से छिपी नहीं है। कांग्रेस द्वारा आज तक सढ़ौरा को रोजगार एवं विकास में पिछड़ापन दिया। इतना ही नहीं क्षेत्र में विकास की अनदेखी, किसानों को पर्याप्त बिजली एवं पानी का अभाव तथा उद्योगों में भी इस इलाके की अनदेखी के लिए कांग्रेस सीधे तौर पर जिम्मेदार है।
चौधरी अभय सिंह चौटाला ने समस्त कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि इनेलो के सत्ता में आने के तुरंत बाद इस हलके का समुचित विकास कराया जाएगा। सढ़ौरा को तमाम क्षेत्रों में विकसित बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि इनेलो पहला ऐसा राजनीतिक दल है जिसने सबसे पहले अपने 62 प्रत्याशी घोषित किए और समाज के सभी वर्गों के हित में अपना कल्याणकारी घोषणापत्र जारी किया।
इनेलो नेता ने कहा कि आज मुख्यमंत्री हरियाणा को विकास में नंबर वन बताते हैं मगर हकीकत यह है कि हरियाणा आज की स्थिति अपराध, लूटपाट, अपहरण व बलात्कार आदि आपराधिक घटनाओं में नंबर वन है। इनेलो नेता ने कहा कि इनेलो ने अपने घोषणापत्र में सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं बनाई हैं और सत्ता में आते ही इन सभी घोषणाओं को पूरी तरह से लागू किया जाएगा। अभय सिंह चौटाला ने सभी पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोगों को पार्टी से जोड़ें एवं स्थानीय इनेलो प्रत्याशी को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाएं ताकि कांग्रेस के कुशासन को उखाड़ा जा सके। इस अवसर पर सिख समाज के लोगों ने उन्हें सिरोपा भेंटकर सम्मानित किया।
इससे पूर्व इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि चौधरी देवीलाल ही वे पहली शख्सियत थे जिन्होंने बुजुर्गों के लिए पेंशन योजना, किसानों का कर्जा माफ करना, गरीब बेटियों के लिए कन्यादान योजना तथा महिलाओं के लिए जच्चा बच्चा योजना चलाकर उन्हें लाभ पहुंचाया। उन्होंने कहा कि आज इनेलो ने सभी वर्गों को टिकटें देकर उन्हें पूरा सम्मान प्रदान किया है।
कार्यक्रम के दौरान इनेलो प्रत्याशी पिंकी छप्पर ने लोगों से कहा कि वे इलाके की बेटी और बहू हैं और इसलिए वे अपने अधिकार के साथ उन्हें कामयाब बनाने का आग्रह कर रही हैं। उन्होंने लोगों से स्वार्थी लोगों से सावधान होने का आह्वान किया। वहीं बाद में उन्होंने जगाधरी के गुप्ता पैलेस में भी इनेलो प्रत्याशी डॉ. बीएल सैनी के समर्थन में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए इनेलो नेताओं ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हार को सामने देखकर मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा रेवडिय़ां बांटने में जुटे हैं मगर इस बार प्रदेश की जनता उनके बहकावे में नहीं आएगी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को उसकी गलत नीतियों को लेकर जमकर कोसा और भाजपा को भी आड़े हाथों लिया। महंगाई के लिए भाजपा को सीधे तौर पर जिम्मेदार बताते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जनता ने नरेंद्र मोदी को इसलिए प्रधानमंत्री चुना कि वे कांग्रेस के कुशासन से निजात दिलाएंगे मगर अपने सत्तारूढ़ होने के बाद रेलवे के किराए में बढ़ौतरी और पेट्रोल एवं डीजल के दामों में बढ़ाई गई कीमतें जनता की कमर तोड़ रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी के घोषणापत्र की कल्याणकारी नीतियों को अधिक से अधिक लोगों में प्रचारित करने का आह्वान किया। इस मौके पर सिख समुदाय के गणमान्य लोगों ने इनेलो नेता को श्री गुरुनानक देव की प्रतिमा देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा व इनेलो प्रत्याशी डॉ. बीएल सैनी ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर महिपाल भगवानगढ़, राजेंद्र बजाज, अमृतपाल त्यागी, अशोक शेरवाल, अशोक शर्मा, प्रदीप अग्रवाल, गुरविंद्र, गुरजिंद्र, बलविंद्र कौर सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
इससे पहले अम्बाला छावनी में कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए चौधरी अभय चौटाला ने मौजूद सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रत्येक कार्यकर्ता इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत लगा दें और सूरज जिंदल को कैंट सीट से रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाएं। इससे पूर्व पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि जिंदल अंबाला के जाने-माने समाजसेवी हैं और उनकी स्वच्छ छवि व पार्टी के प्रति गहरी निष्ठा को ध्यान में रखकर ही पार्टी सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने उन्हें उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पिछले दस सालों के दौरान जनता को केवल लूटा और अब वक्त आ गया है कि जनता लुटेरों की पूरी फौज को खदेड़ दे।
इस अवसर पर कैंट से इनेलो उम्मीदवार सूरज प्रकाश जिंदल ने इनेलो नेता अभय चौटाला और प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उनमें जिस प्रकार विश्वास जताया है वे उस विश्वास को व्यर्थ नहीं जाने देंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जल्द से जल्द कांग्रेस से छुटकारा चाहती है। मंच संचालन प्रो. सज्जन सिंह ने किया। इस अवसर पर हलका प्रधान रणधीर सिंह पंजोखरा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृपाल सिंह अरोड़ा, इनसो के प्रदेश प्रवक्ता विवेक चौधरी, राजेश शर्मा, केसर सिंह, जग्गी कलरहेड़ी, सरवन सिंह थिंद, धर्मवीर, अमरीक सिंह, नीटू सचदेवा, गुरपाल सिंह, महेश, राजेंद्र राणा, जस्सा सिंह, दीपा बब्याल, जीवन बब्याल, तुरविंदर सिंह, नवजोत सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।


