नई दिल्ली। केन्‍द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री डॉ. सी.पी.जोशी ने आज यहाँ सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के फेसबुक पृष्‍ठ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बोलते हुए उन्‍होंने कहा कि मंत्रालय के अधिकारियों को सामाजिक नेटवर्किंग साइट के माध्‍यम से सामान्‍य जनता के साथ बातचीत करनी चाहिए, ताकि यह पता चले कि मंत्रालय की विकास योजनाओं/गतिविधियों/अन्‍य योजनाओं के बारे में वह क्‍या सोचती है और क्‍या हम उनकी अपेक्षाओं को पूरा कर पा रहे हैं। अगर ऐसा नहीं है तो हमने कहां गलती की है और हम उन कमियों को कैसे दूर कर सकते हैं।
डॉ. जोशी ने कहा कि फेस बुक पृष्‍ठ शुरू होने से हमें सामान्‍य जनता से बातचीत करने का अवसर प्राप्‍त होगा। अगर हमें एक क्षेत्र में प्रशंसा प्राप्‍त होगी तो कुछ अन्‍य क्षेत्रों में हमें आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ सकता है। ऐसी प्रतिक्रियाओं से हमें निश्‍चित रूप से अधिक समर्पण से कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी और हम सामान्‍य लोगों की जिन्‍दगी में सुधार ला सकेंगे।

डॉ. जोशी ने आशा व्‍यक्‍त की कि यह फेसबुक पृष्‍ठ हमारे कार्य में अति आवश्‍यक पारदर्शिता लायेगा और सरकार की ई-प्रशासन प्रणाली में अन्‍य मील का पत्‍थर सिद्ध होगा। इसमें संदेह नहीं कि इस अवधारणा से हमारा काम बढ़ेगा, लेकिन अंत में जनता यह महसूस करेगी कि वह प्रशासन में सार्थक भूमिका निभा रहा है और प्रणाली में सुधार लाने के लिए अपना योगदान दे रहा है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्‍य मंत्री डॉ. तुषारभाई चौधरी एवं श्री जितिन प्रसाद ने भी इस अवसर पर सम्‍बोधित किया। मंत्रालय के सचिव श्री ए.के. उपाध्‍याय और वरिष्‍ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्‍थित थे।

स्रोत - (Release ID 10439) PIB